Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद: पति-बच्चों को छोड़कर साथ चलने से मना किया तो प्रेमी ने कर दी महिला की हत्या

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 09:25 PM (IST)

    लोनी के प्रेम नगर कॉलोनी में एक महिला की उसके प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ जाने से इनकार कर दिया था। ...और पढ़ें

    गाजियाबाद के लोनी में पति-बच्चों को छोड़ने से मना करने पर प्रेमी ने की महिला की हत्या।

    गाजियाबाद के लोनी में पति-बच्चों को छोड़ने से मना करने पर प्रेमी ने की महिला की हत्या।

    HighLights

    1. लोनी में प्रेमी ने महिला की गला दबाकर हत्या की।

    2. महिला ने पति-बच्चों को छोड़कर जाने से किया था इनकार।

    3. पुलिस ने आरोपी प्रेमी फैजान के खिलाफ मामला दर्ज किया।

    संवाद सहयोगी, लोनी। लोनी थाना क्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में शनिवार दोपहर पति और बच्चों को छोड़कर चलने से मना करने पर प्रेमी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला का शव कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। मृतका के पति ने आरोपित प्रेमी के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। उधर महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है।

    मोदीनगर भोगांव निवासी सिलाई कारीगर निसार लोनी के प्रेम नगर कालोनी में एक मकान के प्रथम तल पर परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी रिजवाना (31) एक बेटी और एक बेटा हैं। निसार ने बताया कि मकान में द्वितीय तल पर फैजान उर्फ बहरा परिवार के साथ रहता था। जबकि ग्राउंड फ्लोर पर अन्य परिवार किराए पर रहता है।

    आरोप है कि निसार के घर से जाने के बाद फैजान अक्सर उसके घर में आता जाता था। पड़ोसी और बच्चों ने उसके घर आने की जानकारी उन्हें दी तो उन्होंने फैजान से घर न आने को कहा। जिसपर कुछ दिन पहले फैजान मकान खाली करके चला गया था। घर खाली करने के दौरान फैजान ने निसार को धमकी दी कि यदि रिजवाना उसकी नहीं हुई तो किसी की नहीं रहने देगा। मकान खाली कराने का अंजाम उसे भुगतना पड़ेगा।

    निसार ने बताया कि शनिवार दोपहर इकराम नगर कालोनी निवासी उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई। वह उनके घर मिलने गए थे। इसी दौरन पड़ोसी ने उन्हें फोन कर घर आने को कहा। वह आनन फानन में घर पहुंचे तो रिजवाना बेसुध हालत में फर्श पर पड़ी थी। उसके गले में चुन्नी लिप्टी हुई थी। वह रिजवाना को उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    घर पहुंचने पर बच्चों ने उन्हें बताया कि फैजान चाचा आए थे। वह अम्मी से बात कर रहे थे। जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान चाचा ने अम्मी की चुन्नी से गला दबा दिया। उनके बेहोश होने पर चाचा वहां से भाग गए। उन्होंने फैजान के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

    एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि शिकायत के आधार पर फैजान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के हिरासत में लिया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    सीसीटीवी में दिखाई दिया आरोपित

    बच्चों की बात सुनने के बाद निसार ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। जिसमें आरोपित वारदात को अंजाम देकर तेज कदमों से जाता दिखाई दे रहा है।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद ऑनर किलिंग: भाई ने ही किया था बहन का कत्ल, घुमाने के बहाने खेत में ले जाकर रेता गला