Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद: महाराणा प्रताप पार्क में हफ्तों से भरा गंदा पानी, मच्छर और बीमारियों का बढ़ा खतरा

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 04:01 PM (IST)

    गाजियाबाद के लोनी स्थित महाराणा प्रताप पार्क में हफ्तों से गंदा पानी भरा है, जिससे बदबू, मच्छर और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ...और पढ़ें

    महाराणा प्रताप पार्क में भरा सीवर का दूषित पानी। जागरण

    महाराणा प्रताप पार्क में भरा सीवर का दूषित पानी। जागरण

    HighLights

    1. महाराणा प्रताप पार्क में हफ्तों से भरा है गंदा पानी।

    2. बदबू, मच्छर, बीमारियों का खतरा; हरियाली भी हो रही कम।

    3. नगर पालिका की अनदेखी से लोग परेशान, समाधान की मांग।

    हरिशंकर शर्मा, लोनी (गाजियाबाद)। गाजियाबाद के लोनी में इंद्रापुरी ए ब्लाक स्थित महाराणा प्रताप पार्क में प्रतिदिन हजारों लोग सुबह शाम की सैर करने आते हैं। पार्क में पिछले कई सप्ताह से गंदा पानी भरा होने से पार्क में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी एक जगह जमा होने से चारों ओर बदबू फैल गई है और मच्छर पनपने लगे हैं। इससे बीमारियां होने का खतरा बना हुआ है। नीचा होने के कारण जाम हो रहे सीवर का गंदा पानी पार्क में भरा हुआ है। यही नहीं बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच व महिलाओं के लिए वहीं पिंक शौचालय भी नहीं है।

    स्थानीय निवासियों ने बताया कि पार्क में फैली गंदगी से उठती दुर्गंध से यहां अब टहलने में कठिनाई होने लगी है। पार्क की चार दीवारी टूटी है। कूड़ेदान गायब होने से जगह जगह गंदगी है।

    लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही पार्क में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। समस्याओं को दूर करने और सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका पर है लेकिन अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- महाराणा प्रताप पार्क में बदहाली: सेहत और पर्यावरण से खिलवाड़... पार्क में घास, पानी और शौचालय भी नहीं

    पार्क में लंबे समय से गंदा पानी भरा होने की वजह से काफी बड़ी संख्या में पेड़-पौधे भी मर चुके है। जिसकी वजह से हरियाली में कमी हो रही है। - राजसिंह, स्थानीय निवासी

    पार्क में पानी भरा हुआ है। जिसकी वजह से गंदगी, बदबू और मच्छरों की भरमार है। कुछ पानी यहां वर्षा का भरा हुआ है, जबकि अधिकतर पानी सीवर से आ रहा है। जिसकी वजह से पार्क में वातावरण दूषित हो चुका है। - नरेंद्र कुमार, स्थानीय निवासी

    पार्क में सीवर व नाले का पानी नहीं आ सकता। वहां वर्षा का पानी जमा है। जल्द मशीन से पानी की निकासी कराई जाएगी। जल्द ही पार्क का सुंदरीकरण कराने का कार्य किया जाएगा। - राजकुमार, सफाई निरीक्षक, नगरपालिका लोनी