गाजियाबाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; 20 से ज्यादा हमलावरों पर केस
गाजियाबाद के दिल्ली गेट इलाके में रविवार रात एक मीडियाकर्मी को 20 से अधिक युवकों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित आकाश गर्ग ने दो युवकों के ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हमलावर। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
गाजियाबाद में युवक को 20 से अधिक हमलावरों ने पीटा
विवाद सुलझाने के प्रयास के बाद हुआ यह हमला
पीड़ित की बाजू की हड्डी टूटी, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली गेट इलाके में रविवार रात 20 से ज्यादा युवकों ने एक युवक को दौड़ाकर पीटा। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे थे। युवक ने हमला होने से कुछ देर पहले दो युवकों के बीच हुए विवाद को को समाप्त कराने का प्रयास किया था।
युवक के शरीर पर कई जगह चोट आई है। आसपास रहने वाले लोग जब बाहर निकले तब हमलावर फरार हुए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली में कई अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दिल्ली गेट में रहने वाले मीडियाकर्मी आकाश गर्ग के मुताबिक रविवार रात क्षेत्र में दो युवकों में विवाद हो रहा था। उन्होंने विवाद शांत कराने का प्रयास किया था। उस समय तो एक युवक मौके से चला गया। वह भी घर जाने लगे। लेकिन कुछ ही देर में कई युवक तेजी से भागते हुए उनकी तरफ दौड़ते हुए आए।
युवक देख अनहोनी की आशंका में उन्होंने भागना शुरू कर दिया, लेकिन एक सीवर के ढक्कन से उनका पैर टकरा गया जिससे वह नीचे गिर गए। इसके बाद हमलावर युवकों ने उनके ऊपर डंडे बरसा दिए। इसी बीच शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए।
यह देख हमलावर युवक फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उनकी बाजू की हड्डी टूट गई है। पैर और सिर में भी चोट आई है। इस संबंध में एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि शिकायत पर केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। शीघ्र आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।