विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय का बदलेगा ठिकाना, 92 करोड़ के बजट से तैयार होगा 7 मंजिला हाई टेक ऑफिस

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:08 PM (IST)

गाजियाबाद नगर निगम का मुख्यालय अब राजनगर एक्सटेंशन में बनाया जाएगा। सात मंजिला भवन के निर्माण के लिए 92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

राजनगर एक्सटेंशन में बनेगा गाजियाबाद नगर निगम, दैनिक जागरण

राजनगर एक्सटेंशन में बनेगा गाजियाबाद नगर निगम, दैनिक जागरण

HighLights

  1. नगर निगम मुख्यालय राजनगर एक्सटेंशन में होगा शिफ्ट।

  2. नए भवन निर्माण पर 92 करोड़ रुपये का खर्च।

  3. सात मंजिला अत्याधुनिक कार्यालय, पार्किंग सुविधा भी होगी।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम का मुख्यालय जल्द ही शहर से बाहर बनेगा। शासन स्तर से इसकी मंजूरी मिल गई है। 36 साल बाद नया कार्यालय बनाने की योजना स्वीकृत हुई है।

नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में सिटी फॉरेस्ट के सामने 14 हजार वर्गमीटर जमीन पर मुख्यालय का निर्माण होगा।

मुख्यालय बनाने पर खर्च होंगे 92 करोड़ रुपए 

इस पर पहले 99 करोड़ रुपए खर्च होने थे लेकिल शासन स्तर से 92 करोड़ का बजट पास किया गया है। इससे पहले मुख्यालय का भवन अर्थला में बनाया जाना प्रस्तावित था लेकिन उक्त जमीन का भू उपयोग परिवर्तन किये जाने में तकनीकी अड़चन आ गई। ऐसे में दूसरी जगह चिन्हित की गई। जल्द ही इसका भूमिभूजन कार्यक्रम होगा।

पार्किंग के साथ सात मंजिला ऑफिस बनाने की तैयारी

भवन में ग्रीन एरिया विकसित किया जायेगा। अत्याधुनिक संसाधनों का उपयोग करते हुए भवन का निर्माण किया जायेगा। सात मंजिला ऑफिस बनाने के साथ पार्किंग भी बनाई जाएगी। जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जायेगी।

वर्तमान ऑफिस में सिटी जोन का कार्यालय बनाया जाएगा। सिटी जोन कार्यालय इन दिनों सामुदायिक केंद्र में चल रहा है।

स्पोर्टस काम्प्लेक्स का निर्माण शुरू

नगर निगम ने स्पोर्टस काम्प्लेक्स का निर्माण शुरू कर दिया है। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का भी जल्द ही भूमि पूजन कराया जायेगा।

यह स्पोर्टस काम्प्लेक्स आने वाले समय में आकर्षण का केंद्र बनेगा। राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के होने से शहर की प्रतिभाओं को बेहतर लाभ मिलेगा।

यूसीएफ के दो प्रोजेक्ट का सर्वे तेज

केंद्र सरकार की अनुमति के बाद शहर में दो बड़े प्रोजेक्ट को लेकर सर्वे तेज हो गया है। इनमें एक गालंद और दूसरा प्रोजेक्ट क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र में प्रस्तावित किया गया है। 700 करोड़ की लागत वाले दोनों प्रोजेक्ट की डीपीआर बाहरी एजेंसी से बनवाई जायेगी।

नगर निगम ने शहर को कारोबार, निवेश और रोजगार का नया केंद्र बनाने के लिए अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) के तहत तीन परियोजनाएं तैयार की हैं।

तीनों परियोजनाएं पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित होंगी। मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि पहले चरण में दो योजनाओं पर काम होगा। मंगलवार को इस संबंध में एक एजेंसी की टीम ने नगरायुक्त से मुलाकात करके सर्वे एवं डीपीआर को लेकर चर्चा की।

संभव दिवस में 15 शिकायतें हुईं दर्ज

नगर निगम के संभव दिवस में मंगलवार को 15 शिकायतें दर्ज हुईं। नगरायुक्त ने मौके पर लोगों से संवाद करते हुए समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिये हैं। निर्माण विभाग की छह,उद्यान की पांच,जलकल की दो,अतिक्रमण की एक और एक पशु कल्याण चिकित्साधिकारी की शिकायत दर्ज हुई।

पार्षदों से मांगे प्रस्ताव

दीपावली से पहले शहर जगमग होगा। प्रत्येक वार्ड में कम से कम 40 लाइट्स लगाई जायेंगी। नगरायुक्त ने इस संबंध में सभी पार्षदों को पत्र भेजकर लाइट्स लगावाने के स्थानों की सूची मांगी है। इसके साथ ही विभाग खुद भी खराब पड़ी लाइटों का सर्वे कराते हुए ठीक कराएगा।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के होटल में अचानक लगी आग, मची अफरा-तफरी; दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: 10 दिन में 40 हजार ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को किया आवेदन, बीएलओ पर कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।