गाजियाबाद में बिजली संकट गहराया: क्रासिंग रिपब्लिक में नौ घंटे गुल रही बिजली, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
गाजियाबाद के क्रासिंग रिपब्लिक की 32 सोसायटियों में नौ घंटे बिजली गुल रहने से हजारों लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और उन्हें दिनभर डीजल जनरेट ...और पढ़ें

करीब नौ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से हजारों लोगों को परेशानी हुई।
HighLights
क्रासिंग रिपब्लिक की 32 सोसायटियों में नौ घंटे बिजली गुल।
मरम्मत कार्य के कारण हुई लंबी कटौती, डीजी पर निर्भरता।
नाहल गांव में बिजली कटौती पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, ट्रांसफार्मर चोरी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। क्रासिंग रिपब्लिक की 32 सोसायटियों में शनिवार को करीब नौ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से हजारों लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक बिजली नहीं मिलने से अधिकांश सोसायटियां पूरे दिन डीजल जनरेटर (डीजी) के सहारे रहीं।
इससे निवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा, वहीं इन्वर्टर भी जवाब दे गए और घरों से काम करने वाले लोगों के साथ बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
जीएच-7 सोसायटी के एओए अध्यक्ष रोहित चौधरी ने बताया कि विद्युत निगम ने सुबह 10 से शाम चार बजे तक मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन की सूचना दी थी, लेकिन काम पूरा न होने से बिजली शाम सात बजे तक बहाल नहीं हो सकी। उनका आरोप है कि निगम आए दिन नियोजित शटडाउन तय समय से अधिक ले रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र में चार जर्जर बिजली के खंभे बदले गए और करीब एक किलोमीटर विद्युत तार बदली गई। खंभे बदलने में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण बिजली आपूर्ति देर से बहाल हो सकी।
बिजली कटौती व ट्रिपिंग से नाराज ग्रामीणों ने बिजलीघर का किया घेराव
मसूरी क्षेत्र के नाहल गांव में लगातार बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार सुबह नूरपुर बिजलीघर का घेराव कर धरना दिया। ग्रामीणों का कहना था कि शुक्रवार रात से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित रही और जब बिजली आई भी तो लगातार ट्रिपिंग होती रही।
खबरें और भी
इससे उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी, वहीं खेतों की सिंचाई भी प्रभावित हुई। ग्रामीणों ने सरकार के निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। मौके पर साजिद, चांद, नफीस, नाजिम, हसीन, बिलाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। अवर अभियंता मनोज कुमार से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
आरएलएस रेजीडेंसी में ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी
मोरटा बिजलीघर क्षेत्र के आरएलएस रेजीडेंसी इलाके में शुक्रवार देर रात चोर 25 केवीए क्षमता का वितरण ट्रांसफॉर्मर और करीब 1,340 मीटर वीजेल कंडक्टर चोरी कर ले गए। घटना के बाद पूरी कालोनी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी अरुण शर्मा ने बताया कि रात करीब 12 से दो बजे के बीच चोरी हुई। बिजली नहीं होने से लोगों को दूसरी कालोनियों से पीने का पानी लाना पड़ा। मामले की सूचना विद्युत निगम को दे दी गई है। अधीक्षण अभियंता वीके आर्या ने बताया कि जल्द नए तार और ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। साथ ही चोरी की घटना की जांच भी कराई जा रही है।