गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर कांवड़ यात्रा की तैयारी पूरी, सुरक्षा के लिए CCTV निगरानी और हेल्प डेस्क शुरू
कांवड़ यात्रा के कारण बुधवार से ट्रेनों में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर ...और पढ़ें

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन की फोटो। जागरण
HighLights
बुधवार से ट्रेनों में कांवड़ियों की संख्या में वृद्धि।
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
आरपीएफ जवान, सीसीटीवी निगरानी और हेल्प डेस्क स्थापित।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सावन माह में कांवड़ यात्रा के चलते बुधवार से ट्रेनों में कांवड़ियों की संख्या बढ़नी शुरू हो जाएगी। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों से यात्रा करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाजियाबाद स्टेशन पहुंचेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। प्लेटफार्मों पर भी सुरक्षा कर्मी लगातार गश्त करेंगे। जिससे भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति न बने।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। इन हेल्प डेस्क पर यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान, प्लेटफार्म नंबर तथा अन्य आवश्यक जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा यात्रियों को सही प्लेटफार्म तक पहुंचाने और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं।