विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निगेटिव बैलेंस पर गाजियाबाद में कटे एक लाख स्मार्ट मीटर कनेक्शन, 6 हजार उपभोक्ताओं ने रिचार्ज ही नहीं कराया

Published: Tue, 31 Mar 2026 09:28 AM (IST)

गाजियाबाद में प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली से राजस्व बढ़ाने की उम्मीद थी, लेकिन निगेटिव बैलेंस पर एक लाख कनेक्शन काटने ...और पढ़ें

गाजियाबाद में 6 हजार उपभोक्ताओं में रिचार्ज नहीं कराया। फोटो: जागरण

गाजियाबाद में 6 हजार उपभोक्ताओं में रिचार्ज नहीं कराया। फोटो: जागरण

HighLights

  1. नेगेटिव बैलेंस पर एक लाख स्मार्ट मीटर कनेक्शन काटे गए

  2. 6,620 उपभोक्ताओं ने अभी तक रिचार्ज नहीं कराया है

  3. बिजली चोरी की आशंका पर विजिलेंस जांच जारी है

लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पावर काॅरपोरेशन लिमिटेड की ओर से जिले में लागू की गई प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली से बकाया वसूली और राजस्व बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही थी।

निगेटिव बैलेंस होने पर हजारों उपभोक्ताओं के कनेक्शन स्वचलित रूप से काट दिए गए, ताकि उपभोक्ता तुरंत रिचार्ज कर बकाया जमा करें। हालांकि, ताजा आंकड़े इस उम्मीद के उलट तस्वीर दिखा रहे हैं।

अब तक कटे हुए कनेक्शनों से रिचार्ज के माध्यम से केवल 35 करोड़ रुपये का ही राजस्व प्राप्त हो सका है। वहीं, कनेक्शन कटने के बाद भी छह हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने अब तक रिचार्ज नहीं कराया है।

निगेटिव बैलेंस पर कटे एक लाख कनेक्शन

जिले में एक माह के भीतर स्मार्ट प्रीपेड मीटर में निगेटिव बैलेंस होने पर करीब एक लाख उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटे थे। इनमें से अधिकांश उपभोक्ताओं ने रिचार्ज कर आपूर्ति बहाल कर ली, लेकिन अभी भी 6,620 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन कटने के बाद रिचार्ज नहीं कराया।

कनेक्शन कटने के बाद यह आशंका जताई जा रही थी कि कई उपभोक्ता चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे होंगे। इस आशंका के मद्देनजर विभाग ने विजिलेंस टीमों को सक्रिय कर ऐसे उपभोक्ताओं के यहां जांच कराई, जिन्होंने रिचार्ज नहीं कराया था।

जांच में सामने नहीं आई बिजली चोरी 

जांच में अधिकांश स्थानों पर बिजली चोरी जैसी कोई स्थिति सामने नहीं आई। अधिकारियों के अनुसार, कई मकान बंद मिले, जबकि कुछ व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने फिलहाल रिचार्ज नहीं कराया है।

जोन प्रथम के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि कनेक्शन कटने के बाद भी रिचार्ज न कराने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें बिजली चोरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ऐसे उपभोक्ताओं की सूची विजिलेंस टीम को दी जाएगी। यदि जांच में चोरी करते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिचार्ज न कराने वाले उपभोक्ताओं पर बकाया का विवरण

बकाया श्रेणी उपभोक्ता संख्या कुल बकाया
1 लाख से अधिक 30 76 लाख
50 हजार से एक लाख तक 190 14 लाख
25 हजार से 50 हजार तक 1,450 51 लाख
10 हजार से 25 हजार तक 2,300 46 लाख
10 हजार तक 2,650 13 लाख
कुल 6,620 2 करोड़