Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ये कैसे स्मार्ट मीटर? कहीं बैलेंस होने पर भी कटी बिजली तो कहीं बिल ने उड़ाए होश; गाजियाबाद से चौंकाने वाली रिपोर्ट

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 10:51 AM (IST)

    गाजियाबाद में विद्युत निगम के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। भुगतान के बावजूद बिजली कट रही है, बिल अपडेट नहीं हो रहे और कई ब ...और पढ़ें

    स्काडा सेंटर पर बिजली के बिल जमा करने के लिए लगी भीड़। जागरण

    स्काडा सेंटर पर बिजली के बिल जमा करने के लिए लगी भीड़। जागरण

    HighLights

    1. भुगतान के बाद भी बिजली कट रही, बिल अपडेट नहीं।

    2. कई उपभोक्ताओं ने दो-दो बार मीटर रिचार्ज किया।

    3. सर्वर समस्या और अधिकारियों से नहीं मिल रहा जवाब।

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। विद्युत निगम ने शहरी उपभोक्ताओं के घरों से सामान्य मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर तो लगा दिए, लेकिन उन्हें संचालित करने में अधिकारी फेल साबित हो रहे हैं। भुगतान करने के बाद भी सर्वर नहीं चलने से किसी का बिल अपडेट नहीं हुआ तो किसी के मीटर में बैलेंस होने के बाद भी बिजली कटी हुई है।

    विद्युत निगम की एप में बिल अपडेट नहीं होने से कई उपभोक्ताओं ने दो-दो बार मीटर को रिचॉर्ज कर लिया। इसके बाद भी बिजली बहाल नहीं हुई। शहर में अभी भी स्मार्ट मीटर वाले हजारों उपभोक्ता ऐसे हैं, जो बिजली बिल तो जमा कर चुके हैं पर अभी तक बिजली कटी है। किसी को बिल जमा करे हुए 48 घंटे तो किसी को 72 घंटे हो गए हैं। विद्युत निगम के कार्यालयों में इसकी शिकायत लगातार आ रही हैं।

    उपभोक्ताओं का कहना है कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं, परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। शिकायत करने पर हर अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। उपभोक्ताओं की परेशानी को लेकर पेश है साहिबाबाद से राहुल कुमार की रिपोर्ट...

    केस-एक

    1718 रुपये होने के बाद भी दो दिन से कटी बिजली

    उपभोक्ता स्नेहा बिष्ट ने बताया कि मेरे स्मार्ट मीटर में 1718 रुपये हैं। इसके बाद भी दो दिन से घर की बिजली कटी हुई है। शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अभी तक आपूर्ति सामान्य नहीं हुई है। अब हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई है। वहां से भी केवल आश्वासन दिया गया है। उन्होंने एक्स पर शिकायत करते हुए लिखा कि 30 घंटे से सर्वर नहीं चल रहा है। जब सिस्टम चला नहीं पाते तो बनाते क्यों हो।

    खबरें और भी

    केस-दो

    भुगतान करने के बाद भी बिल नहीं हुआ अपडेट

    उपभोक्ता तुषार शर्मा ने बताया कि उन्होंने पहली बार 3282 रुपये और दूसरी बार में 2000 रुपये का रिचार्ज किया है। इसके बाद भी मीटर में पेमेंट अपडेट नहीं हुई है। जबकि विद्युत निगम को रिचार्ज की डिटेल भी साझा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्या ये मीटर केवल तमाशे के लिए लगाए हैं।

    केस-तीन

    मीटर लगने के कुछ दिन बाद ही 15723 रुपये आ गया बिल

    उपभोक्ता अमित सिंह ने एक्स पर यूपीपीसीएल और पीपीवीएनएल को टैग कर शिकायत करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही स्मार्ट मीटर लगा था। उसके बाद गलत बिल जारी कर दिया था। 26 मार्च को बिल सही कराया। इसके बाद फिर से 15723 रुपये का बिल जारी कर दिया है, जो गलत है।

    यह भी पढ़ें- 1000 से अधिक बिजली बिल बकाया तो कटेगा कनेक्शन, स्मार्ट प्रीपेड मीटर वालों के लिए गाइडलाइंस जारी

    कटे कनेक्शनों का विवरण (दिन अनुसार)

    दिन कटे कनेक्शन
    सोमवार 51,346
    बुधवार 17,705
    शनिवार 22,764
    बुधवार 14,069
    बृहस्पतिवार 20,590

    बृहस्पतिवार को कटे कनेक्शन (जोन अनुसार)

    जोन बकाया (लाख रुपये) कटे कनेक्शन
    प्रथम 94,757,326 -
    द्वितीय 93,397,350 -
    तृतीय 77,985,914 -
    कुल 2.66 करोड़ 20,590

    ये आ रहीं प्रमुख समस्या

    • बिल जमा करने के बाद भी बिजली जुड़ने में 24 से 72 घंटे तक लग रहे।
    • स्मार्ट मीटर को प्रीपेड में बदलने की जानकारी उपभोक्ताओं को नहीं दी जा रही।
    • बिल जमा करने के बाद भी बकाया बताकर काटी जा रही बिजली।
    • बिजली काटने की पहले से कोई सूचना नहीं दी जा रही।
    • भुगतान के बाद भी पोर्टल पर दिखा रहा अतिरिक्त बकाया बिल।
    • टोल फ्री नंबर 1912 पर भी समस्याओं का नहीं हो रहा समाधान।
    • 7. स्थानीय अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे।

    कई बार सर्वर में दिक्कत होने से भुगतान सिस्टम पर अपडेट नहीं हो पाता। जो भी शिकायतें आ रही हैं उनका समाधान किया जा रहा है। रिचार्ज करने वालों की सूची मुख्यालय को भेजकर आपूर्ति सामान्य कराई जा रही है। - अखिलेश सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम


    नोट: 9217900683 - स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्या के लिए उपभोक्ता यहां करें शिकायत