'धर्म देखकर एनकाउंटर...', सूर्या मर्डर केस में सपा विधायक का योगी सरकार पर हमला
गाजियाबाद में सूर्य प्रताप चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर पर सपा विधायक अबू आजमी ने योगी सरकार और यूपी पुलिस पर निशाना साधा है। ...और पढ़ें

सपा विधायक अबू आजमी ने असद के एनकाउंटर पर सवाल उठाए। (फाइल फोटो)
HighLights
गाजियाबाद एनकाउंटर पर सपा विधायक अबू आजमी का बयान
योगी सरकार और यूपी पुलिस पर धर्म देखकर एनकाउंटर का आरोप
असद एनकाउंटर मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई
डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद। गाजियाबाद में बकरीद पर सूर्य प्रताप चौहान की हत्या मामले में मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और सपा नेता असद के एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हैं। ताजा मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने योगी सरकार और यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए इस पर प्रतिक्रिया दी है।
एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा, "कोई व्यक्ति क्रिमिनल है तो उसे सजा होनी चाहिए, अगर बड़ा अपराधी है तो उसे फांसी की सजा दे दो, लेकिन इसके लिए एक संविधान बना हुआ है कि अपराधी को पकड़िए, उसे जुर्म कबूल कराइए फिर उसे कोर्ट ले जाइए और उसे जेल भेजिए, लेकिन यूपी में धर्म देखकर एनकाउंटर किया जा रहा है।"
इसी क्रम में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने भी गाजियाबाद में हुए एनकाउंटर पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, " मैं एनकाउंटर के बिल्कुल खिलाफ हूं। लॉ एंड ऑर्डर को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए, ये गैरकानूनी काम है।
दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं: योगी
उल्लेखनीय है कि इससे पहले, सोमवार (1 जून) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले का जिक्र करते हुए कहा था कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, मौलाना-मौलवी को अपने शोहदों को समझाएं, नहीं तो ऐसी दुर्गति होगी कि पीढ़ियां याद करेंगी।