विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन पर गाजियाबाद में ट्रैफिक का बुरा हाल, एनएच-9 पर डासना से लालकुआं तक लगा लंबा जाम; रस्सी से सुधरेगी राह

Published: Fri, 28 Aug 2026 01:07 PM (IST)

रक्षाबंधन पर दिल्ली-एनसीआर से यात्रियों की भारी भीड़ के कारण गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 ...और पढ़ें

डासना फ्लाईओवर के पास घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ आधी सड़क तक आ गई, जिससे डीएमई के प्रवेश द्वार तक वाहनों का लंबा जाम लग गया।

डासना फ्लाईओवर के पास घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ आधी सड़क तक आ गई, जिससे डीएमई के प्रवेश द्वार तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। 

HighLights

  1. रक्षाबंधन पर गाजियाबाद की सड़कें जाम से जूझती रहीं।

  2. डासना और लालकुआं पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं।

  3. ट्रैफिक पुलिस ने रस्सी बांधकर भीड़ को नियंत्रित किया।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दिल्ली-एनसीआर से निकलने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के चलते गाजियाबाद की सड़कों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सुबह से ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) और एनएच-9 पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। खासकर डासना एंट्री प्वाइंट और लालकुआं चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव इतना बढ़ गया है कि चालकों को रेंग-रेंगकर सफर तय करना पड़ रहा है।

भीड़ नियंत्रित करने को रस्सी का सहारा

डासना फ्लाईओवर के पास घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ आधी सड़क तक आ गई, जिससे डीएमई के प्रवेश द्वार तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। हालात पर काबू पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सड़क पर रस्सी बांधकर लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करना पड़ रहा है। इसके साथ ही व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस लाइन से 50 से अधिक अतिरिक्त बैरिकेड मंगवाए गए हैं।

सड़क पर उतरे उच्च अधिकारी

यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों को खुद कमान संभालनी पड़ी है। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह और डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन लगातार मौके पर तैनात रहकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार की देर रात एक बजे तक भी दोनों अधिकारी इसी स्थान पर खुद ट्रैफिक क्लीयर कराते नजर आए थे।

डायवर्जन के बाद भी रफ्तार धीमी

रक्षाबंधन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने भारी वाहनों का प्रवेश रोकते हुए रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके बावजूद शुक्रवार सुबह से निजी कारों और दोपहिया वाहनों की संख्या इतनी अधिक रही कि प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। हापुड़, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाली गाड़ियों के कारण लालकुआं और डासना पर यातायात की गति बेहद धीमी बनी हुई है।

डासना पर क्यों लगता है बार-बार जाम?

डासना एंट्री प्वाइंट पर जाम की सबसे बड़ी वजह ट्रैफिक का क्रॉस ओवर है। यहां दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से निकलने वाला ट्रैफिक एनएच-9 पर आता है, जबकि गोविंदपुरम, आकाशनगर, चिरंजीव विहार और शास्त्रीनगर की ओर जाने-आने वाले वाहन भी इसी प्वाइंट का इस्तेमाल करते हैं। संकरी जगह में दोनों तरफ का ट्रैफिक आमने-सामने टकराने से यहां हर त्यौहार पर बोतल की गर्दन (बॉटलनेक) जैसी स्थिति पैदा हो जाती है।

सड़क चौड़ीकरण की योजना पर विचार

इस स्थायी समस्या से निजात पाने के लिए एनएच-9 के किनारे बने फुटपाथ को हटाकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है, ताकि वाहनों के आसानी से गुजरने के लिए अतिरिक्त लेन उपलब्ध हो सके।

यह भी पढ़ें- DME के डासना एंट्री प्वाइंट और लालकुआं पर लगा जाम, रक्षाबंधन पर गाजियाबाद की सड़कों पर बढ़ा ट्रैफिक

यह भी पढ़ें- अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर बस और डंपर की टक्कर में 9 साल की बच्ची समेत दो की मौत, 16 यात्री घायल