रक्षाबंधन पर गाजियाबाद में बुधवार से तीन दिन तक रहेगा भारी वाहनों का डायवर्जन, जाम से मिलेगी मुक्ति
रक्षाबंधन पर दिल्ली-गाजियाबाद में जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस ने 26 से 28 अगस्त तक भारी वाहनों के ...और पढ़ें

यातायात पुलिस ने 26 से 28 अगस्त तक भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया है।
HighLights
रक्षाबंधन पर दिल्ली-गाजियाबाद में भारी वाहनों का डायवर्जन।
26 से 28 अगस्त तक एनएच-9 पर भारी वाहन प्रतिबंधित।
भारी वाहनों को डीएमई या ईपीई से भेजा जाएगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन लागू किया है। त्योहार पर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए 26 अगस्त सुबह आठ बजे से 28 अगस्त रात 12 बजे तक एनएच नौ पर भारी वाहन नहीं चलेंगे।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक गाजियाबाद और दिल्ली की ओर से अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले सामान्य वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-9 अथवा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसी तरह इन शहरों से गाजियाबाद और दिल्ली की ओर आने वाले सामान्य वाहनों के लिए भी एनएच-9 और डीएमई उपलब्ध रहेगा। सभी प्रकार के भारी मालवाहक वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
गाजियाबाद और दिल्ली की ओर से अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे अथवा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा। इसी तरह इन शहरों से गाजियाबाद और दिल्ली आने वाले भारी वाहनों को भी इन्हीं मार्गों का प्रयोग करना होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बीते वर्ष डीएमई पर कई किमी लंबा जाम लगा था
बीते वर्ष आठ अगस्त को राखी पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कई किमी लंबा जाम लगा था। इस बार जाम रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही तैयारी की है। यातायातकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी भी लगाई जाएगी। जिन स्थानों पर जाम लगने के आसार हैँ वहां विशेष निगाह रखी जाएगी।
