मेरठ और जीटी रोड पर कांवड़ यात्रा का असर, एक लेन बंद होने से लोग परेशान; दिनभर रेंगते रहे वाहन
कांवड़ यात्रा के कारण साहिबाबाद में दो दिनों से वाहनों का दबाव बढ़ा है, जिससे शहर के मुख्य चौराहों पर भारी जाम लग रहा है। ...और पढ़ें

गाजियाबाद में लगा ट्रैफिक जाम।
HighLights
कांवड़ यात्रा के कारण साहिबाबाद में दो दिन से बढ़ रहा जाम।
मेरठ रोड और जीटी रोड पर एक लेन बंद।
पुलिस ने मोहन नगर सहित कई चौराहों पर डायवर्जन किया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। शहर में दो दिन से कांवड़ियों के आने की संख्या बढ़ने लगी है। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने से शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न होने लगी है। बुधवार को दिन भर सड़कों पर वाहन रेंगते दिखाई दिए।
हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं लेकिन एक लेन बंद होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने वाहनों का डायवर्जन शुरू कर दिया है। इसके बावजूद मुख्य चौराहों पर जाम देखने को मिला।
कांवड़ यात्रा के लिए मेरठ रोड, जीटी रोड की एक लेन को बंद कर दिया गया है। वाहनों की आवाजाही के लिए दूसरी लेन को बल्लियां लगाकर दो हिस्सों में बांटा गया है।
दिल्ली जाने वाले वाहन यूपी की ओर से हो रहे डायवर्ट
दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को मोहन नगर से यूपी गेट की ओर से डायवर्ट किया जा रहा है। रास्ता सकरा होने के कारण वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है।
बुधवार को जीटी रोड पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। इस दौरान मोहन नगर, भोपुरा, कनावनी पुलिया, सीआइएसएफ आदि मुख्य चौराहों पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक जाम झेलना पड़ा। वहीं वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण हिंडन पुल पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
लोगों के सहायक बने यातायात पुलिस कर्मी
जाम से निपटने के लिए जीटी रोड पर 100 मीटर के बाद यातायात पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वह वाहन चालक को सही दिशा में भेजकर लोगों को जाम से निजात दिलाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। एसीपी यातायात प्रथम सुचिता सिंह ने बताया कि मोहन नगर चौराहे पर डायवर्जन लागू किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर जीटी रोड पर भी डायवर्जन किए जा सकते हैं।