गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में अंधेरे में डूबी सड़कें, स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोग परेशान
ट्रांस हिंडन क्षेत्र, विशेषकर वैशाली और वसुंधरा में, महीनों से खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण सड़कें अंधेरे में डूबी हैं। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
ट्रांस हिंडन में महीनों से खराब पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें।
वैशाली और वसुंधरा में सबसे अधिक शिकायतें, सुरक्षा पर सवाल।
नगर निगम ने जल्द समस्या समाधान का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र की कई गलियां और प्रमुख मार्ग अंधेरे में हैं। स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
कुछ क्षेत्रों में तो छह-छह महीने से लाइटें खराब पड़ी हैं और लगातार शिकायत के बाद भी काम नहीं कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अंधेरा होने से आवाजाही में तो दिक्कत रहती है साथ ही वारदात का भी डर बना रहता है।
वैशाली और वसुंधरा में सबसे अधिक स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायतें हैं। वसुंधरा में सेक्टर-1 की तरफ दो से तीन खंभों पर लाइटें खराब पड़ी हैं। स्थानीय निवासी कुशल दिवाकर ने बताया कि लाइटें ठीक कराने को लेकर कई बार शिकायत की गई है।
'न लाइट बदली जाती है न ठीक कराई जाती है'
नगर निगम से कर्मचारी लाइट आने पर बदलने की बात कह देते हैं लेकिन न तो लाइटों को बदला गया और ना ही ठीक कराई गई हैं। इसके अलावा कनवानी जाने वाले मार्ग पर भी एक जगह स्ट्रीट लाइट कभी जलती तो कभी बंद हो रही है।
इसको ठीक कराने की मांग स्थानीय लोगों ने की है। वैशाली सेक्टर-3, 4 में भी कुछ जगह पर लाइटें खराब हैं। सेक्टर तीन में 710 से लेकर 750 वाली गली में सभी स्ट्रीट लाइटें खराब होने की बात लोगों ने कही है।
खबरें और भी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात में बच्चे और महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल सकते हैं। यहां करीब करीब छह से सात स्थानों पर लाइटें खराब पड़ी हैं, जिन्हें बदला नहीं जा सका है।
यहां 1000 वाली गली और 338 नंबर वाली गली में भी लाइट खराब होने की शिकायत लोगों ने की है। नगर निगम वसुंधरा के जोनल प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कुछ जगह शिकायत मिलने पर स्ट्रीट लाइटों को बदला गया है। जिन स्थानों पर समस्या है, वहां जल्द ही इसका निस्तारण कराया जाएगा।