ईओ साहब... सावन में तो दिला दो पानी, कैसे करें भोले का जलाभिषेक; खोड़ा में गंभीर जल संकट से लोग परेशान
खोड़ा निवासी सावन में जलाभिषेक के लिए पानी की कमी से जूझ रहे हैं, क्योंकि नगर पालिका द्वारा टैंकरों से पानी की आपूर्ति अनियमित है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
खोड़ा में सावन में जलाभिषेक के लिए पानी की किल्लत।
नगर पालिका के टैंकरों से अनियमित जलापूर्ति से लोग परेशान।
अधिशासी अधिकारी ने नियमित आपूर्ति का आश्वासन दिया।
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। सावन का महीना शुरू हो गया है और खोड़ा के निवासियों को भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भी पानी न मिलने की चिंता है। लोगों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से पवित्र माह में नियमित पानी के टैंकरों से जलापूर्ति की मांग की है।
बता दें खोड़ा में पानी की सप्लाई न होने से नगर पालिका द्वारा टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाती है। इससे लोगों की पानी की पूर्ति नहीं हो पाती है। निवासियों का कहना है कि पानी के टैंकर नियमित रूप से नहीं आते हैं।
कभी आते हैं तो कुछ लोगाें को ही पानी मिल पाता है। इस कारण भोले के भक्तों ने अधिशासी अधिकारी से सावन के महीने में नियमित जलापूर्ति की मांग की है।
सभासद दल के नेता संदीप कुमार गुप्ता का कहना है कि वार्डों में नियमित रूप से पानी के टैंकर नहीं आते हैं। इससे पानी को लेकर निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, नगर पालिका द्वारा 70 टैंकरों से पानी की आपूर्ति करने का दावा किया जाता है।
कभी-कभी तीन दिन बाद पानी के टैंकर आते हैं। पूछने पर बताया जाता है कि नगर पालिका द्वारा तेल नहीं दिया गया। इससे पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। सावन में तो नगर पालिका को नियमित रूप से पानी के टैंकरों के चक्कर लगवाने चाहिए। इससे की लोगों को पूजा अर्चना के लिए पानी की परेशानी का सामना न करना पड़े।
- आदेश पांडे, स्थानीय निवासी
नगर पालिका द्वारा गर्मियों में पानी के टैंकरों के चार फेरे लगाने के दावे किए गए थे हालांकि टैंकरों के एक चक्कर ही लग पाता है। अब सावन का महीना चल रहा है। ऐसे में दैनिक जरूरतों के साथ ही पूजा अर्चना के लिए भी पानी की जरूरत होती है। नगर पालिका को टैंकरों के चार फेरे लगवाने चाहिए।
- अमित सिंह, स्थानीय निवासी
नियमित रूप से पानी के टैंकरों की आपूर्ति कराई जा रही है। वार्डों में पानी के टैंकरों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। सावन माह में पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। कांवड़ियों के लिए भी अतिरिक्त टैंकर से पानी की व्यवस्था की गई है।
- अवनीश कुमार शुक्ल, अधिशासी अधिकारी खोड़ा नगर पालिका