NH-9 पर रोजाना जाम से जूझ रहे हजारों लोग, छिजारसी से कनावनी व नोएडा से गाजियाबाद जाना मुश्किल; क्यों बिगड़े हालात?
एनएच-9 पर खराब ट्रैफिक प्रबंधन और रोड इंजीनियरिंग के कारण रोजाना जाम लग रहा है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हो रही है।

सेक्टर- 62 के पास एनएच- नौ पर बेतरतीब तरीके से खड़ी बसें ट्रैफिक जाम का एक बड़ा कारण हैं। जागरण
HighLights
एनएच-9 पर खराब ट्रैफिक प्रबंधन से रोजाना जाम।
छिजारसी कट, कनावनी, सीआइएसएफ कट प्रमुख जाम स्थल।
हजारों यात्रियों को समय और ईंधन का नुकसान।
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। एनएच-9 पर खराब ट्रैफिक प्रबंधन और रोड इंजीनियरिंग के कारण रोजाना जाम लग रहा है। इससे आवागमन के दौरान लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह और शाम के समय रोजाना लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। नोएडा में छिजारसी कट, नोएडा सेक्टर-62 के पास और इंदिरापुरम में कनावनी, सीआईएसएफ कट के पास वाहनों के बेतरतीब खड़ा करने, विपरीत दिशा में वाहनों का आवागमन, बोटलनेक, यूटर्न और अवैध कट के कारण जाम लगता है।
विपरीत दिशा पर रहता है वाहन चालकों का आवागमन
ट्रैफिक पुलिस का प्रबंधन ठीक न होने के कारण बसें और अन्य वाहन एनएच-नौ पर खड़े रहते हैं। यहां पर विपरीत दिशा में वाहन चालकों का आवागमन होता है। इस कारण यहां जाम की समस्या बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि यहां ट्रैफिक पुलिस की हर समय तैनाती जरूरी है। खासकर पीक ऑवर्स में यातायात नियंत्रित कराया जाना चाहिए। सुबह ऑफिस जाते समय और शाम को आते समय रोजाना उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हजारों लोगों को पड़ रहा जूझना
नोएडा, इंदिरापुरम, वसुंधरा समेत ट्रांस हिंडन के ज्यादातर क्षेत्रों के हजारों लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा जाम में फंसने से समय, पेट्रोल-डीजल का नुकसान और आर्थिक बोझ भी झेलना पड़ रहा है।
दरअसल, नोएडा में औद्योगिक इकाई अधिक होने के कारण ट्रांस हिंडन व गाजियाबाद से बड़ी संख्या में लोग नौकरी के लिए जाते हैं। सुबह-शाम पीक आवर के दौरान जाम के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
'शाम के समय छिजारसी कट के पास भयंकर जाम'
सुबह और शाम के समय छिजारसी कट के पास भयंकर जाम लगता है। छिजारसी कट से चोटपुर की ओर जाने वाली सड़क बदहाल होने के कारण वाहन तेजी से नहीं निकल पाते। इस कारण जाम लगा रहता है।
-प्रशांत सिंह
'कनावनी और सीआईएसएफ कट के पास दिक्कत'
नोएडा में छिजारसी कट के पास और इंदिरापुरम में कनावनी और सीआईएसएफ कट के पास वाहनों का जमावड़ा रहता है। इस कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
-विक्रम प्रसाद
'रोडवेज बसें खड़ी कर देते हैं'
सीआइएसएफ कट और कनावनी के पास रोडवेज बसें खड़ी कर यात्रियों को बैठाते हैं। इससे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
-भरत सिंह
'रोज ही जाम से जूझ रहे'
सामान डिलीवरी के लिए नोएडा जाना पड़ता है। इस दौरान कई बार जाम में फंसने के कारण डिलीवरी में देरी हो जाती है। रोजाना आने-जाने के दौरान जाम से जूझना पड़ता है।
-नाजिम
विपरीत दिशा में चला रहे गाड़ियां
रोजाना एक्सपोर्ट के काम से दिल्ली से नोएडा आना पड़ता है। छिजारसी कट और कनावनी के पास विपरीत दिशा में गाड़ी के ड्राइवर निकलते हैं। इस कारण कई बार हादसा हो जाता है और जाम लग जाता है।
-रंजीत कश्यप
अधिकारी बोले- जल्द ही सुधार नजर आएगा
एनएच-9 पर बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए योजना पर काम चल रहा है। कर्मियों की तैनाती यहां रहती है। जल्द ही सुधार नजर आएगा।
-त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक गाजियाबाद
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बनेंगे कई फ्लाईओवर, लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास को भी केंद्र की हरी झंडी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।