Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नोएडा प्रदर्शन से एनएच-9 पर लगा भीषण जाम, गाजियाबाद में पुलिस अलर्ट

    By Vinit Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Mon, 13 Apr 2026 10:52 PM (IST)

    नोएडा में कामगारों के प्रदर्शन के कारण सोमवार को एनएच-9 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे गाजियाबाद से नोएडा और दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को भ ...और पढ़ें

    नोएडा में कामगारों के प्रदर्शन के कारण सोमवार को एनएच-9 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इमेज एआई

    नोएडा में कामगारों के प्रदर्शन के कारण सोमवार को एनएच-9 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इमेज एआई

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सोमवार को वाहन चालकों को नोएडा और दिल्ली जाना दुश्वार हो गया। नोएडा में कामगारों के प्रदर्शन के कारण एनएच-नौ पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एक समय वाहनों की लाइन सिद्धार्थ विहार तक पहुंच गई।

    जाम लगा देख एनएच-नौ पर कई वाहन चालक विपरीत दिशा में वाहन मोड़कर वापस गाजियाबाद की तरफ कई किमी लेकर गए। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रसेवे पर हालांकि अधिकांश समय प्रदर्शन का असर नहीं रहा, लेकिन एनएच-नौ प्रभावित होने के कारण डीएमई पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।

    सोमवार सुबह को नोएडा में कामगारों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद गाजियाबाद पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी। श्रमिक संगठनों से बात करने के साथ ही उद्यमियों से भी बात कर पूरे मामले पर गाजियाबाद में प्रदर्शन न होने देने की तैयारी की गई।

    नोएडा से प्रदर्शनकारी कहीं हाइवे पार कर गाजियाबाद में न आए जाएं इसे रोकने के लिए माडल टाउन, सीआइएसएफ कट, खोड़ा और कनावनी बंधा रोड कट की तरफ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल कई थानों की फोर्स के साथ छिजारसी के पास हाइवे पर मौजूद रहे।

    खबरें और भी

    कई पुलिस अधिकारियों को पुलिस बल के साथ साउथ साइड जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र में गश्त के लिए भेजा गया।

    दिल्ली तक पहुंचने में लगे तीन घंटे

    सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से दिल्ली जाने के लिए निकले नेहरू नगर निवासी देवेंद्र शर्मा को करीब तीन घंटे लग गए। पहले वह एनएच-नौ पर गए थे, लेकिन नोएडा में प्रदर्शन के कारण हाईवे पर उन्हें राहुल विहार के पास ही जाम मिला। इससे उन्होंने अपना वाहन वापस लालकुआं की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद आइपीईएम कट के सामने से उन्होंने डीएमई में प्रवेश किया तब दिल्ली पहुंचे।

    यह भी पढ़ें: मानसून से पहले गुरुग्राम में जलभराव रोकने की तैयारियां तेज, 40 जगहों पर सीवर ओवरफ्लो खत्म करने का लक्ष्य