गाजियाबाद में गड्ढे और धूल बढ़ा रहे प्रदूषण, सीएम के निर्देश के बाद भी नहीं सुधरी सड़कों की सूरत
गाजियाबाद में बारिश के बाद भी सड़कों की बदहाली जारी है, गहरे गड्ढे और टूटी सड़कें वाहनों की रफ्तार रोक ...और पढ़ें

गड्ढों की वजह से वाहनों की रफ्तार पर लगता ब्रेक
HighLights
गाजियाबाद में गड्ढे और टूटी सड़कें बनीं मुसीबत।
बदहाल सड़कों से बढ़ रहा प्रदूषण और जाम की समस्या।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद मरम्मत कार्य धीमा।
जतिन त्यागी, गाजियाबाद। वर्षा थमने के बाद भी शहर की सड़कों से मुसीबतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं गहरे गड्ढे वाहनों की रफ्तार रोक रहे हैं तो कहीं उखड़ी सड़कें धूल उड़ाकर आबोहवा में जहर घोल रही हैं। गड्ढों के कारण रेंगते वाहनों से लगने वाला जाम प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना रहा है।
एक ओर शहर की हवा पहले से ही प्रदूषण की मार झेल रही है, दूसरी ओर बदहाल सड़कें धूल के रूप में प्रदूषण का अतिरिक्त बोझ बढ़ा रही हैं। सड़कों की बदहाली दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सितंबर में ही सख्त निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को दो माह में मरम्मत का काम पूरा करने की समयसीमा तय की थी।
अब डेडलाइन नजदीक है, लेकिन जिले के प्रमुख मार्गों की हालत बहुत खराब है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और सड़कों दुरुस्त हो सकेगी।
सीन-1:
लोहा मंडी गेट के सामने बुलंदशहर की ओर जाने वाली जीटी रोड बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी भरने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। सड़क किनारे खुदे गड्ढों के कारण रात में आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। टूटी सड़क के कारण वातावरण में धूल उड़ती रहती रहती है, जिससे आने-जाने वालों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सीन-2:
साउथ साइड जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र की सड़क लंबे समय से टूटी हुई है। सड़क के बीचों-बीच बने गड्ढों से वाहन चालकों, खासकर दोपहिया सवारों को परेशानी होती है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण मालवाहक वाहनों के गुजरने से सड़क पर धूल उड़ती रहती है। खराब सड़क के कारण वाहन रुक-रुककर चलते है, जिससे जाम की स्थिति बनती है। जिस कारण बच्चों को स्कूल जाने में और बुजुर्गों को बाजार जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सीन-3:
मेरठ रोड पर गुलधर-2 स्थित लक्ष्मी धर्म कांटे के पास सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बना हुआ है। उखड़ी सड़क से दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी होती है। बारिश में जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। वाहनों की रफ्तार धीमी होने से हमेशा ही जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण मरीज ले जाती एम्बुलेंस सड़क के बीच में ही फंसी रहती है। सड़क की बदहाली से आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
सीन-4:
मेरठ रोड पर पिलर नंबर 701 से 711 के बीच करीब 200 मीटर लंबी सड़क जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी बजरी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले बड़े ट्रकों और ओवरलोड ट्रैक्टरों के कारण आवागमन और मुश्किल हो जाता है। वहीं, नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है, जिससे लोगों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
' शहर की सड़कों को ठीक करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही टेंडर जारी कर इनका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।'
-राजाराम, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में साइबर ठगों का खौफ, शेयर ट्रेडिंग और 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर लूट लिए करोड़ों रुपये
यह भी पढ़ें- NH-9 पर रोजाना जाम से जूझ रहे हजारों लोग, छिजारसी से कनावनी व नोएडा से गाजियाबाद जाना मुश्किल; क्यों बिगड़े हालात?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।