Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजीपुर के कटरिया में एडीजी-डीआईजी का दौरा, पत्थरबाजी के बाद बढ़ा तनाव, अखिलेश यादव भी आएंगे

    By Avinash SinghEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Sat, 25 Apr 2026 01:35 PM (IST)

    डीआईजी वैभव कृष्ण और एडीजी पीयूष मोर्डिया ने गाजीपुर के कटरियां गांव का दौरा किया, जहां निशा शर्मा की मौत के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल और ग्रामीणों के बीच ...और पढ़ें

    अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लिया और शांति बनाए रखने की अपील की।

    अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लिया और शांति बनाए रखने की अपील की।

    HighLights

    1. डीआईजी, एडीजी ने कटरियां गांव का दौरा किया।

    2. निशा शर्मा की मौत, पत्थरबाजी के बाद तनाव।

    3. अखिलेश यादव का 29 अप्रैल को आगमन प्रस्तावित।

    जागरण संवाददाता, गाजीपुर। डीआईजी वैभव कृष्ण और एडीजी पीयूष मोर्डिया ने देर रात लगभग बारह बजे करंडा थाना क्षेत्र के कटरियां गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। ज्ञात हो कि कटरियां गांव में निशा शर्मा की मौत के बाद स्थिति काफी संवेदनशील हो गई है। इस मामले में सपा प्रतिनिधि मंडल और ग्रामीणों के बीच पत्थरबाजी की घटना ने गांव की राजनीति को प्रदेश स्तर तक पहुंचा दिया है।

    सपा प्रतिनिधि मंडल पर विधायक सहित 46 नामजद और दो सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। विधायकों पर दर्ज मुकदमे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 29 अप्रैल को कटरिया आने का प्रोटोकॉल शुक्रवार को जारी किया गया। पूर्व सीएम के आगमन की सूचना के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की बयानबाजी की जा रही है, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है।

    इस राजनीतिक और क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए मंडल और जिले के प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड में आ गए हैं। देर रात आला अधिकारियों का कटरिया पहुंचना और स्थलीय निरीक्षण करना इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। डीआईजी वैभव कृष्ण ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    इस घटना ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि प्रदेश स्तर पर भी राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। कटरिया गांव में हुई पत्थरबाजी की घटना ने सपा और अन्य राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू कर दिया है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी प्रकार की अशांति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। 

    खबरें और भी