बहराइच के धर्मेंद्र ने 6 मिनट 23 सेकेंड में फोड़े 651 नारियल, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर बढ़े कदम
धर्मेंद्र राजभर ने गाजीपुर में मात्र 6 मिनट 23 सेकेंड में 651 नारियल फोड़कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर कदम बढ़ाया है। ...और पढ़ें

धर्मागतपुर के आदर्श भारतीय इंटर मैदान पर नारियल फोड़ते बाहुबली धर्मेंद्र राजभर लाल टी शर्ट में

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। हरियाणा के रोहतक में पल्लेदारी का काम करने वाले बहराइच निवासी धर्मेंद्र राजभर ने अपने जुनून और हौसले के दम पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर एक और कदम बढ़ा दिया।
रविवार को धर्मागतपुर स्थित आदर्श भारतीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मात्र 6 मिनट 23 सेकेंड में 651 नारियल हाथों से फोड़कर लोगों को हैरत में डाल दिया।
धर्मेंद्र राजभर ने दावा किया था कि सात मिनट में 651 नारियल फोड़कर वह विश्वस्तरीय चुनौती पेश करेंगे। कार्यक्रम शुरू होते ही उन्होंने तय लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले पूरा कर दिया। लगातार नारियल फोड़ने से उनकी दोनों हथेलियां लहूलुहान हो गईं, लेकिन उन्होंने करतब जारी रखा।

कारनामा देखने उमड़ी भारी भीड़
उपलब्धि पूरी होते ही मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। धर्मेंद्र ने भारत सहित पूरे विश्व के प्रतिभागियों को यह रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती देते हुए एक करोड़ रुपये नकद और पांच लाख रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल पुरस्कार स्वरूप घोषित की है।
कार्यक्रम को देखने के लिए दोपहर से ही सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। करतब पूरा होने के बाद दर्शक बैरिकेडिंग तोड़कर मैदान में पहुंच गए, जिससे व्यवस्था संभालने में तैनात पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्यक्रम में जखनियां विधायक बेदीराम, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, शशिकांत विश्वकर्मा, डॉ. अनिल राजभर सहित विभिन्न जनपदों से आए जनप्रतिनिधि और सुभासपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- नहीं रहे साहित्य भूषण रमाकांत पांडेय 'अकेले', 95 साल की उम्र में हुआ निधन; साहित्य जगत में शोक