1 लाख के इनामी बदमाश शंकर पांडेय पर कसा कानूनी शिकंजा, गाजीपुर कोर्ट ने दिया संपत्ति कुर्क करने का आदेश
गाजीपुर कोर्ट ने एक लाख के इनामी शंकर पांडेय की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है। यह कार्रवाई सचिन चौरसिया अपहरण और अन्य गंभीर मामलों में वां ...और पढ़ें

एक लाख के इनामी शंकर पांडेय के घर कुर्की की नोटिस चस्पा करती पुलिस
HighLights
अदालत ने इनामी शंकर पांडेय की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया।
शंकर पांडेय एक लाख रुपये का इनामी और कटरा गैंग सरगना है।
सचिन चौरसिया अपहरण व अन्य गंभीर मामलों में वांछित है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। शहर के चर्चित सचिन चौरसिया अपहरण कांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी और कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय के खिलाफ कानूनी शिकंजा और कस गया है। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम शक्ति सिंह की अदालत ने बुधवार को सुनवाई के दौरान आरोपित की चल एवं अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया। कोर्ट ने आदेश दिया है कि अभियुक्त की संपत्ति को कुर्क कर अगली तिथि 17 अगस्त को कोर्ट को अवगत करायें।
इससे पहले न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की सुबह ही गौशाबाद स्थित शंकर पांडेय के आवास पर पहुंचकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया और मुनादी कराई। लाउडस्पीकर के माध्यम से न्यायालय का आदेश पढ़कर सुनाया गया तथा आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत की गई।
शंकर पांडेय ने अपने साथियों के साथ मिलकर पांच सितंबर 2024 को व्यापारी सचिन चौरसिया का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले में उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। लगातार अदालत में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, इस प्रकरण में हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कमलेश बिंद का नाम भी सामने आया था। वहीं शंकर पांडेय वर्ष 2020 के सकलेनाबाद हत्याकांड में भी वांछित है, जहां उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट लंबित है।
खबरें और भी
इसके अलावा वह होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपित है और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
न्यायालय के कुर्की आदेश के बाद अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अगले चरण में पहुंच गई है। कोर्ट का आदेश मिलने के बाद पुलिस ने अब संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में पारिवारिक विवाद के बाद महिला मोबाइल के टावर पर चढ़ी, लोग समझाने बुझाने में जुटे