गाजीपुर में डेढ़ करोड़ से बिछेगी नई पेयजल पाइपलाइन, कई वार्डों में मिलेगा शुद्ध पानी
गाजीपुर के जमानियां में नगर पालिका डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ...और पढ़ें

डेढ़ करोड़ से बिछेगी नई पेयजल पाइपलाइन।
HighLights
जमानियां में डेढ़ करोड़ से नई पेयजल पाइपलाइन.
विभिन्न वार्डों में शुद्ध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित.
टेंडर पूरा, निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू.
जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत स्टेशन बाजार स्थित कांशीराम आवास, वार्ड-17, बड़ेसर तिराहा से एनएच-24 तक, कस्बा बाजार में थाना गेट से डाकबंगला, जुनैदपुर तथा दुरहिया क्षेत्र में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
बताया कि नगर पालिका में पिछले तीन वर्षों के दौरान करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य शुरू कराए गए हैं, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य तेजी से चल रहे हैं।
ऐतिहासिक एवं पौराणिक धरोहरों के संरक्षण के तहत महर्षि जमदग्नि स्मारक स्थल का निर्माण कराया जा रहा है। वर्षों से उपेक्षित रामलीला मैदान का सुंदरीकरण भी कराया गया है।
इसके अलावा करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन बाजार सब्जी मंडी रोड पर नई सड़क और दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू होगा। बड़ेसर मोड़ पर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित करने तथा वंदन योजना के तहत कान्हा गौशाला की चहारदीवारी निर्माण की भी योजना है।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि उपवन योजना के तहत कंकड़वा घाट से बलुवा घाट तक गंगा किनारे पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने, भूजल स्तर सुधारने और जैव विविधता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पौधरोपण एवं पार्क विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
बताया कि नगर के समग्र विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी समय में विकास के पैमाने पर जमानियां की अलग पहचान बनेगी।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में नौ साल बाद मिला न्याय, रोडवेज को देने होंगे ब्याज सहित 18.63 लाख रुपये
यह भी पढ़ें- बलिया में 2 जुलाई से शुरू होगी 'वीबी-ग्राम-जी' योजना, एक साथ शुरू होंगे 153 विकास कार्य