मुख्तार गैंग के शार्प शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क, हत्या-रंगदारी के 25 मुकदमे हैं दर्ज
गाजीपुर में पुलिस और प्रशासन ने मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क की। ...और पढ़ें

मुख्तार गैंग के शार्प शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस और प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की।
आईएस-191 गैंग के सरगना रहे कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी के मुख्य शार्प शूटर और गैंग सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन की करीब 9.50 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। यह संपत्ति अंगद राय की पत्नी सरिता राय के नाम से खरीदी गई थी।
जिलाधिकारी के आदेश पर उप्र गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार शहर कोतवाली में दर्ज गैंग्स्टर एक्ट के मामले में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की रिपोर्ट और पुलिस अधीक्षक की संस्तुति के आधार पर कुर्की आदेश जारी किया गया था।
सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को जब्त किया। अंगद राय की पत्नी सरिता राय के नाम से मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के मौजा गिरधरिया में भूमि खरीदी गई थी।
इसमें 127 वर्गमीटर भूमि शामिल है, जिसमें करीब 63 वर्गमीटर में आवासीय निर्माण भी है। पुलिस ने इस संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये बताया है।
गैंग्स्टर एक्ट के मामले में हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक अंगद राय उर्फ झूलन शेरपुर खुर्द थाना भांवरकोल का निवासी है और मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है। उसके द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन के माध्यम से यह संपत्ति अपनी पत्नी के नाम खरीदी गई थी।
इसी आधार पर गैंग्स्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क की गई है। अंगद राय के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी सहित 25 गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ भांवरकोल, मुहम्मदाबाद, कोतवाली और नंदगंज सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले मुख्तार अब्बास नकवी- 'यह संवेदनशीलता और समाधान की सोच का हिस्सा'
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कुर्की की कार्रवाई में तहसीलदार मुहम्मदाबाद महेंद्र बहादुर, भांवरकोल थानाध्यक्ष रोहित मिश्र मय पुलिस टीम, कोतवाली क्षेत्र के रजागंज चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता तथा क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय की मौजूदगी में की गई। अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार चल रहा है।
अंगद राय मुख्तार अंसारी गैंग का शातिर सदस्य रहा है। वह प्रमुख शूटर भी रहा है, इस पर लगातार पुलिस की कार्रवाइयां की जा रही हैं। इसी क्रम में आज अंगद राय की प्रापर्टी जब्तीकरण किया गया है। इसकी कीमत मार्केट रेट से लगभग साढ़े नौ करोड़ है। और भी संपत्तियां चिन्हित कर ली गई हैं, उनका भी जब्तीकरण किया जाएगा।
डॉ. ईरज राजा, पुलिस अधीक्षक