क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर तक बनेगी पक्की सड़क, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने परिवार से की मुलाकात
गाजीपुर में क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर तक 1.20 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उनके परिवार से मुलाका ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, खानपुर (गाजीपुर)। हथौड़ा गांव में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर तक पक्की सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर 'सूर्यकुमार के गांव में बनेगी क्रिकेट एकेडमी' के बाद जिला प्रशासन ने प्रस्ताव पर तेजी से अमल शुरू कर दिया है।
रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैदपुर रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड हथौड़ा गांव पहुंचे और सूर्या के घर जाकर उनके पिता अशोक यादव, मां सपना देवी और दादा विक्रमा यादव से मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने भी मोबाइल फोन पर परिजनों से बातचीत की।
प्रशासन की योजना के अनुसार वाराणसी-गोरखपुर हाईवे से इशोपुर होते हुए हथौड़ा स्थित सूर्या के घर तक लगभग 1.20 किलोमीटर लंबी सड़क को पक्का कराया जाएगा।
अशोक यादव ने दैनिक जागरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से गांव को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शुभारंभ से पूर्वांचल की प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा और ग्रामीण अंचल में क्रिकेट एकेडमी बनने से युवाओं के साथ-साथ बालिकाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
वहीं, दादा विक्रमा यादव ने सूर्या के नाम से सड़क व गेट बनाए जाने को जनपद के गौरव का सम्मान बताया। मां सपना देवी ने भारतीय टी-20 टीम के विश्वकप जीतने की कामना की।
क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव के पिता से हमारी बात हुई। सड़क को हम दिखवाएंगे और प्रयास करेंगे कि उनके घर तक की सड़क बन जाये। -अविनाश कुमार, जिलाधिकारी।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में सूर्य कुमार यादव की पहल पर उनके गांव हथौड़ा में क्रिकेट एकेडमी की तैयारी तेज, एसडीएम ने लिया जायजा
यह भी पढ़ें- सूर्य कुमार यादव के पिता ने बताया मैच के दौरान पाकिस्तान से हाथ न मिलाने के पीछे की असली वजह