गाजीपुर में बोले सीएम योगी, ऐसे सांसद न चुनिए जो अवैध असलहा लाइसेंस बनवाने में व्यस्त हों
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा, अवैध असलहा लाइसेंस और माफियाराज प ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
सीएम योगी ने गाजीपुर में स्थानीय सांसद पर साधा निशाना।
अवैध असलहा लाइसेंस और माफियाराज पर कड़ा प्रहार किया।
692 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर की जनसभा में समाजवादी पार्टी और स्थानीय सांसद पर हमला बोला। दिवंगत माफिया मुख्तार अंसारी और स्थानीय सांसद अफजाल अंसारी का नाम लिए बिना कहा- ऐसे जनप्रतिनिधि चुनिए जो आपकी पैरोकारी कर सकें। ऐसे सांसद न चुनिए जो अवैध असलहा लाइसेंस बनाने में व्यस्त हों। ऐसे जनप्रतिनिधि नहीं चाहिए जो फर्जी लाइसेंस बनाकर जनता के घरों में डकैती और अवैध कब्जा करने का दुस्साहस करें। यहां के सांसद से दूर रहिए।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व तीन से चार दिनों के अंदर ही मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े शस्त्र लाइसेंसों की जांच में पुलिस ने अफजाल के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। अपने संबोधन में योगी यहीं नहीं रुके। याद दिलाया- पहले यहां के माफिया को सत्ता का सरंक्षण मिलता था। हमारी सरकार ने ठाना था कि माफिया को मिट्टी में मिलाना है और मिल गया। सपा के लोग माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं।
अब गरीब का बेटा रामलीला का आयोजन करता है तो कोई असलहा लहराने का दुस्साहस नहीं कर सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि मिट्टी में दफन होना पड़ेगा। मुहम्मदाबाद मंडी परिसर में 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के बाद सभा को संबोधित कर रहे मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक कृष्णानंद राय ने माफिया के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।
सत्ता संरक्षित माफिया ने कृष्णानंद राय सहित सात लोगों की हत्या कर दी थी। सारे सुबूत होने के बावजूद माफिया को सत्ता का संरक्षण मिला। पहले त्योहार पर उपद्रव, दंगे, कर्फ्यू शुरू होते थे, लेकिन अब उत्सव है। उपद्रव करने व युवाओं की नौकरी में सेंधमारी पर जेल या जहन्नुम ही जगह है।
खबरें और भी
पहचान का संकट, नौकरी में डकैती, किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने, गरीबों का राशन खाने वाले, किसान व युवा विरोधियों को मौका न दीजिए। उन्होंने कहा कि गाजीपुर को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जल्द ही चंदौली व शक्तिनगर तक जोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें- चंदौली और शक्तिनगर तक जोड़ा जाएगा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, CM योगी ने गाजीपुर में किया एलान
एशिया के सबसे बड़े गांव में रहते हैं 12 हजार से अधिक सैनिक
सीएम ने मैगर सिंह, शिवपूजन राय, वीर अब्दुल हमीद, रामउग्रह पांडेय समेत रणबांकुरों व साहित्यकारों कुबेरनाथ राय व भोला नाथ गहमरी को याद किया। कहा, एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में 12 हजार से अधिक सैनिक और 15000 से अधिक अवकाश प्राप्त सैनिक हैं जो 1962, 1965, 1971 व 1999 के कारगिल युद्ध व आपरेशन सिंदूर में बहादुरी से डटे रहे। आजाद हिंद फौज से भी यहां के युवा जुड़े।