'राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर पहले दिन से खेल चल रहा था, इसलिए दर्शन करने नहीं गया'; गोंडा में बोले बृजभूषण सिंह
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अयोध्या मंदिर में चढ़ावा को लेकर पहले दिन से ही 'खेल' चल रहा था, इसलिए वे दर्शन करने नहीं गए। ...और पढ़ें

बृजभूषण शरण सिंह
HighLights
बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या मंदिर में दर्शन न करने का कारण बताया।
चढ़ावा को लेकर मंदिर में पहले दिन से ही 'खेल' चल रहा था।
आंदोलन से जुड़े होने पर भी उद्घाटन में नहीं बुलाया गया।
जागरण संवाददाता, गोंडा। अयोध्या के मंदिर में चढ़ावा को लेकर पहले दिन से ही 'खेल' चल रहा था, यही कारण है कि आज तक दर्शन करने नहीं गया। यह बात कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने नवाबगंज के विश्नोहरपुर स्थित आवास पर वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि मैंने, यह बात चार साल पहले ही कह दी थी, जब संसार में कोई और इस पर नहीं बोला था। पूर्व सांसद ने स्पष्ट किया कि मंदिर में 'खेल' चलने के कारण ही उन्होंने दर्शन से दूरी बनाए रखी है। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर पुराने राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों को दरकिनार किया जा रहा है।
राम मंदिर के उद्घाटन में नहीं बुलाए गए थे बृजभूषण
पूर्व सांसद ने श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला संज्ञान में आने पर कहा था कि इस मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि इसकी आंच अब केवल ट्रस्ट तक सीमित नहीं बल्कि, केंद्र और प्रदेश तक पहुंच रही है।
उन्होंने ट्रस्ट के लोगों को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया था। दरअसल, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह श्री राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं और इन्हें श्री राम मंदिर के भूमि पूजन और उद्घाटन कार्यक्रम में भी नहीं बुलाया गया था।