Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोंडा में राजस्व टीम पर हमला, सरकारी कागजात छीनने और जान से मारने की धमकी देने के दो आरोपित गिरफ्तार

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 04:25 PM (IST)

    गोंडा के कुतुबपुर गांव में चकमार्ग से अतिक्रमण हटाने गई राजस्व और पुलिस टीम पर हमला हुआ। हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, कागजात छीने और धमकी द ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. गोंडा में राजस्व टीम पर अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला।

    2. हमलावरों ने सरकारी कागजात छीने, जान से मारने की धमकी दी।

    3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

    संवाद सूत्र, कर्नलगंज(गोंडा)। ग्राम कुतुबपुर में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब चकमार्ग (रास्ते) की सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम पर दबंगों ने हमला बोल दिया।

    आरोपियों ने न सिर्फ सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि राजस्व कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए उनके हाथ से सरकारी अभिलेख (कागजात) भी छीन लिए। उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा के सख्त रुख के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया है।

    उपजिलाधिकारी के आदेश पर 30 मई को राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गाटा संख्या 670 स्थित चकमार्ग का सीमांकन (पैमाइश) करने पहुंची थी। मौके पर जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि चकमार्ग की कीमती भूमि पर पक्का निर्माण करा लिया गया है और रास्ते पर घूर (कूड़ा-करकट) डालकर आम जनता का रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है।

    नोटिस लेने से किया इनकार

    राजस्व टीम ने जब तत्काल निर्माण कार्य रुकवाया और अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का कानूनी नोटिस देना चाहा, तो संबंधित पक्ष भड़क गया और नोटिस लेने से साफ इंकार कर दिया।

    कचनापुर क्षेत्र के लेखपाल आत्माराम द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, इसी बीच आरोपी मुकेश कुमार तिवारी और इन्द्र कुमार ने पूरी टीम को घेर लिया। दोनों आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए राजस्व कर्मियों के साथ तीखी बहस, गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने टीम के हाथों से सरकारी राजस्व अभिलेख छीन लिए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पूरी टीम को जान से मारने की धमकी दी।

    कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय का कहना मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है। दोनों नामजद आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। सरकारी कार्य में बाधा और कर्मचारियों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।