गोंडा में अब नए प्लेटफॉर्म पर दौड़ेंगी ट्रेनें, मेन स्टेशन पर कम होगा दबाव
गोंडा जंक्शन पर 80 लाख रुपये की लागत से पुराने माल गोदाम पर नया प्लेटफॉर्म बनाया गया है, जिसे अब पुराने प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया गया है। इससे स्टेशन पर ...और पढ़ें

नए प्लेटफॉर्म पर दौड़ेंगी ट्रेनें।
HighLights
गोंडा जंक्शन पर 80 लाख में बना नया प्लेटफॉर्म।
मुख्य संरक्षा आयुक्त ने दी ट्रेनों के ठहराव को हरी झंडी।
अब गोंडा स्टेशन पर कुल आठ प्लेटफॉर्म होंगे संचालित।
संवाद सूत्र, गोंडा। गोंडा जंक्शन को बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के तर्ज पर विकसित करने के लिए पुराने माल गोदाम पर 80 लाख रुपये खर्च कर नया प्लेटफॉर्म बनाया गया है। पिछले पांच वर्षों से इस प्लेटफॉर्म को पुराने प्लेटफॉर्म से नहीं जोड़ा जा सका था, जिससे ट्रेनें नए प्लेटफॉर्म पर नहीं रुक पा रही थीं और यात्रियों की भीड़ पुराने प्लेटफॉर्म पर लगती थी।
16 जून को दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद अब नए प्लेटफॉर्म को पुराने प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया गया है। मुख्य संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने निरीक्षण कर प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर हरी झंडी दे दी है। गोंडा स्टेशन अब नए स्वरूप में नजर आएगा, जिससे पांच प्लेटफॉर्म की जगह आठ प्लेटफॉर्म से ट्रेनों का आवागमन होगा।
प्लेटफॉर्म एक से छह तक एक्सप्रेस ट्रेनें चलेंगी, जबकि पुराने माल गोदाम पर बने प्लेटफॉर्म सात और आठ से डेमो, मेमो और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होगा। इससे मुख्य स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों का दबाव कम होगा और प्लेटफॉर्म खाली होने का इंतजार करने की परेशानी समाप्त होगी।
यात्रियों को गोंडा स्टेशन मुख्यालय में न जाकर नए प्लेटफॉर्म पर आना पड़ेगा। नए प्लेटफॉर्म के संचालन से रानी बाजार मुहल्ले में चहल-पहल बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के वरिष्ठ सीनियर सेक्शन इंजीनियर आरके सिंह ने बताया कि नए प्लेटफॉर्म को पुराने से जोड़ दिया गया है और अब ट्रेनों का आवागमन शुरू होगा।