सिंघम स्टाइल में अवैध खनन पर एक्शन: 2 KM तक चलती जेसीबी के गेट से लटके रहे अधिकारी, पुलिस की मदद से पकड़ा
गोंडा में खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने अवैध खनन कर भाग रही जेसीबी का दो किलोमीटर तक गेट से लटककर पीछा किया। पुलिस की मदद से जेसीबी को जब्त कर लिया गया। ...और पढ़ें

कर्नलगंज कोतवाली में खड़ी जेसीबी
HighLights
खनन अधिकारी ने जेसीबी के गेट से लटककर पीछा किया।
दो किलोमीटर तक पीछा कर अवैध जेसीबी को रोका।
पुलिस की मदद से जेसीबी जब्त, जांच जारी।
संवाद सूत्र, गोंडा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन अधिकारी के अद्भुत साहस का मामला सामने आया है। अवैध रूप से मिट्टी/बालू का खनन कर भाग रही एक जेसीबी को खनन अधिकारी ने लगभग दो किलोमीटर तक उसके गेट से लटककर पीछा किया और अंततः पुलिस की मदद से उसे ज़ब्त (सीज) कर लिया।
मामला गुरुवार देर रात करीब एक बजे का है। जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन को ग्राम बटोरा बख्तावर के पास अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। खनन विभाग की टीम स्थानीय पुलिस को सूचित कर मौके पर पहुंची।
पुलिस और प्रशासन की टीम को देखकर जेसीबी चालक ने वाहन रोक कर आत्मसमर्पण करने के बजाय उसे, तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने साहस दिखाते हुए भाग रही जेसीबी के गेट को पकड़ लिया और उस पर चढ़ गए। इसके बावजूद बेखौफ चालक गाड़ी दौड़ाता रहा।
करीब दो किलोमीटर तक गेट से लटके रहे और चालक को गाड़ी रोकने के लिए दबाव बनाते रहे। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बालपुर के पास पुलिस बल की मदद से जेसीबी को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया गया।
कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि जेसीबी को जब्त कर सीज कर दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोंडा में मगरमच्छ के हमले में घायल किसान की उपचार के दौरान मौत, परिवार ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप