गोंडा में अवैध रक्त कारोबार का भंडाफोड़, स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा रैकेट; काली कमाई से जिले में भी खोली शाखा
गोंडा पुलिस ने अवैध रक्त की खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतर-जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के एक लिपिक का भी संबंध सामने आया ह ...और पढ़ें

HighLights
गोंडा पुलिस ने अवैध रक्त खरीद-फरोख्त गिरोह का पर्दाफाश किया।
रैकेट का संबंध स्वास्थ्य विभाग के एक लिपिक से जुड़ा है।
अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, गोंडा। नगर कोतवाली पुलिस ने अवैध रक्त की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतर जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस रैकेट का संबंध स्वास्थ्य विभाग के एक लिपिक से जुड़ रहा है। बलरामपुर में ब्लडबैंक की कमाई से गोंडा में झंझरी ब्लाक के पास भी ब्लडबैंक की शाखा खोली गई थी।
एक स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, जिले में खून की मांग अधिक रहती है, इसलिए यहां ब्लडबैंक की शाखा स्थापित की गई थी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने महिला द्वारा आत्मदाह के प्रयास के बाद सख्ती से कार्रवाई शुरू की, जिससे इस गोरखधंधे का राजफाश हुआ। अब तक आठ आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों पर भी कार्रवाई की संभावना है।
खरगूपुर थाने के ग्राम परसा निवासी वली मोहम्मद ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी चार जुलाई को गोंडा के नर्सिंग होम में भर्ती थीं। उपचार के दौरान चिकित्सक ने रक्त की आवश्यकता बताई। इस दौरान अस्पताल के बाहर ऋषिकेश अवस्थी ने 12,500 रुपये में रक्त उपलब्ध कराया।
वली मोहम्मद ने 10,000 रुपये आनलाइन और 2,500 रुपये नकद दिए, लेकिन चिकित्सक ने रक्त को संदिग्ध बताते हुए चढ़ाने से मना कर दिया। जब वली मोहम्मद ने आरोपित से रक्त वापस लेने और पैसे लौटाने को कहा, तो उसने न तो रक्त दिया और न ही पैसे लौटाए। इसके बाद ऋषिकेश अवस्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
खबरें और भी
12 जुलाई को विवेचना के दौरान कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें बडगांव निवासी मुख्तार, धानेपुर थाना के बाबागंज के शिवम शुक्ल, बूढादेवर गरीबीपुरवा निवासी विजय, इमामबाड़ा निवासी साहबे आलम, पैड़ी अजब सिंह निवासी ऋषिकेश अवस्थी, पंपापुर मुंडेरवा कला निवासी बृजेश कुमार शुक्ल, बलरामपुर के आदर्श कालोनी निवासी अभिषेक सिंह और बभनी कानूनगो निवासी सौरभ श्रीवास्तव शामिल हैं। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।