गोंडा में 8 नए आरोपितों की खोली हिस्ट्री, 48 पर लगाया गैंग्सटर; पुलिस लाइन में एसपी ने की बैठक
एसपी गोंडा ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर शिकायतों के निस्तारण, गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने 9 ...और पढ़ें
-1785324358563_m.webp)
HighLights
गैंगस्टर एक्ट में 48 आरोपितों पर कार्रवाई, 8 नए हिस्ट्रीशीटर।
अपराध से अर्जित 91 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त।
सड़क सुरक्षा, लंबित विवेचनाएं, त्योहारों पर शांति के निर्देश।
संवाद सूत्र, गोंडा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यक्ष एप पर प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की समीक्षा की। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण कर पोर्टल को अपडेट रखने का निर्देश दिया।
एसपी को बताया कि एक जनवरी 2026 से अबतक गैंग्सटर एक्ट के तहत कुल 48 आरोपितों के विरुद्ध 12 मुकदमे दर्ज किए गए। आठ नए आरोपितों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। गैंग्सटर एक्ट की धारा 14(1) के तहत सात मामले में अपराध से अर्जित की गई 91 लाख 46 हजार 585 रुपए की सम्पत्ति जब्त की गई। 83 आरोपितों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। नौ सक्रिय गिरोह पर गैंग पंजीकरण की कार्रवाई की गई है।
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा
एसपी ने सीसीटीएनएस पर 60 व 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में समय से आरोप पत्र भेजने का निर्देश दिया। लापता बच्चों की बरामदगी के साथ ही साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, हेलमेट व सीटबेल्ट के प्रयोग को सुनिश्चित कराने, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। त्योहार की तैयारी के बारे में जानकारी प्राप्त की।
त्योहार के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय उपस्थित रहे।