विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में ODOC योजना के तहत गोंडा समेत इन जिलों में खुलेंगी 1000 यूनिट; 5000 लोगों को मिलेगा रोजगार

Updated: Thu, 20 Aug 2026 02:04 PM (IST)

एक जिला, एक व्यंजन (ODOC) योजना के तहत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 1000 नई खाद्य इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. ODOC योजना के तहत 1000 नई इकाइयां स्थापित होंगी।

  2. योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया।

  3. लगभग 5000 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

संवाद सूत्र, गोंडा। पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही उनकी ब्रांडिंग और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए संचालित एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के तहत गोंडा समेत अन्य जिलों में एक हजार नई इकाईयों की स्थापना कराई जाएगी।

इसके लिए 100 करोड़ रुपये बजट निर्धारित किया गया है। इकाईयों की स्थापना से करीब पांच हजार स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जोड़ने की तैयारी की है। शासन ने जिलेवार इकाईयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित करके कारीगरों के चयन की कवायद शुरू कर दी है। सिर्फ देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती जिले में 46 इकाईयों की स्थापना होगी।

किस जिले में कौन सा व्यंजन चयनित

गोंडा में दही बड़ा व कचौड़ी, बहराइच में चमचम, बलरामपुर में नारियल बर्फी, कलाकंद, घमंजा व चाट, श्रावस्ती में इमरती, अयोध्या में कचौरी, टिकिया, पेड़ा, कुल्हड़ वाली दही व जलेबी, सुलतानपुर में पेड़ा, समोसा, कराहा की पूड़ी और कोहड़े की सब्जी, लाल पेड़ा, बाराबंकी में चंद्रकला मिठाई और लाल पेड़ा, अमेठी में समोसा, गुड़ की खीर, गुलगुला, बड़ी वाली पूड़ी, अंबेडकरनगर में बालूशाही, चाट, खजला, लाल गन्ने की गोटी, लखनऊ में रेवड़ी, आम उत्पाद, चाट, मलाई मक्खन, हरदोई में आलू पूरी, लड्डू, लाओझड़, लखीमपुर खीरी में केला, गुड़, खोआ पेड़ा, खीर मोहन, रसगुल्ले, सीतापुर में मलाई मक्खन, समोसा, मिर्चा पकौड़ा, पेड़ा, रायबरेली में मसाले चयनित हैं।

जिलेवार इकाईयों की स्थापना का लक्ष्य
क्र.सं. जिला संख्या धनराशि (लाख ₹ में)
1 अयोध्या 20 60
2 सुलतानपुर 11 33
3 बाराबंकी 12 36
4 अमेठी 10 30
5 अंबेडकरनगर 10 30
6 गोंडा 12 36
7 बहराइच 12 36
8 बलरामपुर 12 36
9 श्रावस्ती 10 30
10 लखनऊ 26 78
11 हरदोई 14 42
12 लखीमपुर खीरी 10 30
13 सीतापुर 13 39
14 रायबरेली 13 39

नोट: धनराशि लाख रुपये में है।

 

ओडीओसी योजना के तहत नई इकाईयों की स्थापना के लिए लक्ष्य मिला है। चयनित व्यंजन से जुड़ी इकाई की स्थापना के लिए कारीगरों से आवेदन मांगा गया है। 22 अगस्त को जिला पंचायत सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन होगा। - बाबूराम यादव, उपायुक्त उद्योग