हरदोई में इंडस्ट्रियल एरिया का विस्तार शुरू, 150 किसानों की 64 बीघा जमीन का होगा अधिग्रहण
हरदोई के संडीला औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके तहत सोम गांव की करीब 64 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। किसानों को प्रति बीघा 57 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
संडीला औद्योगिक क्षेत्र के फेज-एक का विस्तार शुरू।
सोम गांव की 64 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा।
किसानों को प्रति बीघा 57 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।
संवादसूत्र, संडीला। औद्योगिक क्षेत्र के फेज-एक के विस्तारीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत औद्योगिक क्षेत्र से सटे सोम गांव की करीब 64 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। राजस्व विभाग और यूपीसीडा के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर जमीन का स्थलीय निरीक्षण और चिन्हांकन शुरू कर दिया है। किसानों से सहमति पत्र भी लिए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में भूमि बैंक तैयार कर रही है। इसी क्रम में संडीला औद्योगिक क्षेत्र में भी विस्तार की कवायद तेज की गई है। बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित वातावरण और विकसित ढांचागत सुविधाओं के चलते उद्यमियों की ओर से यहां नई इकाइयां स्थापित करने और मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए जमीन की मांग की जा रही है।
किसानों की जमीन अधिग्रहित करने के निर्देश
फेज-1 में बर्जर पेंट्स इंडिया लिमिटेड समेत कई कंपनियों ने अपनी इकाइयों के विस्तारीकरण के लिए जमीन की मांग की थी। इसके बाद सरकार ने फेज-1 से सटी ग्राम पंचायत सोम की जंगल-झाड़ी की जमीन से अवैध कब्जे हटाने और किसानों की जमीन अधिग्रहित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन का चिन्हांकन शुरू कर दिया है।
यूपीसीडा के तहसीलदार अखिलेश गुप्ता ने बताया कि सोम गांव की करीब 13 हेक्टेयर (32.12 एकड़) भूमि का अधिग्रहण लगभग 150 किसानों से किया जा रहा है। इनमें करीब 80 किसान सहमति पत्र दे चुके हैं, जबकि शेष किसानों से वार्ता चल रही है। सर्किल रेट के अनुसार किसानों को करीब 57 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से मुआवजा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- रायबरेली में एक करोड़ से बदलेगा 200 साल पुरानी रामलीला का स्वरूप, मास्टर प्लान तैयार
उन्होंने बताया कि फेज-1 में जमीन उपलब्ध होने से बर्जर पेंट्स समेत अन्य फैक्ट्रियों की विस्तार योजनाओं को गति मिलेगी। वहीं, क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा रैसों, बघुआमऊ, जमसारा और समोधा की करीब 800 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
