Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Election 2024: कर्पूरी ठाकुर के जरिये पूर्वी यूपी व बिहार पर अखिलेश का फोकस, महारैली से अति पिछड़ा को साधने की तैयारी

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Thu, 02 Nov 2023 11:34 AM (IST)

    लोकसभा चुनाव को लेकर विभिन्न दलों के नेता वोटरों को साधने में जुट गए हैं। इसी क्रम में गोरखपुर में जननायक कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय महारैली से सपा म ...और पढ़ें

    गोरखपुर में आयोजित महारैली में शामिल होंगे सपा मुखिया अखिलेश यादव। (फाइल)
    गोरखपुर में आयोजित महारैली में शामिल होंगे सपा मुखिया अखिलेश यादव। (फाइल)

    अरुण चन्द, गोरखपुर। जननायक कर्पूरी ठाकुर के जरिये समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की नजर पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार के अति पिछड़ा वर्ग पर भी है। कर्पूरी ठाकुर के नाम से चार नवंबर को गोरखपुर के भीटी रावत में आयोजित 'जननायक कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय महारैली' को अखिलेश संबोधित करेंगे।

    नाई महासभा की ओर से यूपी में प्रस्तावित चार महारैली की शुरुआत गोरखपुर से ही किए जाने के यह सियासी मायने निकाले जा रहे हैं कि सपा इसके जरिए पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही गोरखपुर से सटे बिहार के जिलों के अति पिछड़ों को भी साधना चाहती है। गोरखपुर में लंबे समय बाद यह पहला मौका है जब अखिलेश किसी समाज विशेष के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

    लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में भी विस्तार कर रहे सपा मुखिया

    आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश, पार्टी का बिहार में भी विस्तार कर रहे हैं। उनकी नजर हर वर्ग पर है। ऐसे में इस महारैली की गूंज बिहार में भी सुनाई पड़े इसलिए महारैली में नाई समाज की बड़ी संख्या में भागीदारी दर्ज कराने के लिए जोरदार तैयारी की जा रही है। पार्टी नेताओं के साथ खुद राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राम भवन शर्मा और अन्य पदाधिकारी तैयारी की नियमित निगरानी कर रहे हैं।

    महासभा की ओर से गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, देवीपाटन और अयोध्या मंडल में 250 से अधिक बसें तैनात करने का दावा किया जा रहा है, जिसके जरिये हर विधानसभा से बड़ी संख्या में नाई समाज के लोग महारैली में लाए जाएंगे। नाई समाज का एक बड़ा तबका भाजपा से भी जुड़ा है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें, CM Yogi Visit: गोरखपुर में 271 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे CM योगी, जनसभा को करेंगे संबोधित

    इस महारैली के जरिए अखिलेश यादव की उनमें भी यह संदेश देने की कोशिश रहेगी कि सपा, उनके समाज की सच्ची हितैषी और शुभचिंतक है। नाई महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक गोरखपुर के बाद अगले तीन वर्षों में नाई महासभा की महारैली चरणवार आगरा, मेरठ, प्रयागराज और फिर आखिरी में लखनऊ के रमाबाई पार्क में प्रस्तावित है।

    गोरखपुर में दो घंटे रहेंगे अखिलेश

    चार नवंबर को सहजनवां के भीटी रावत स्थित शारदा प्रसाद रावत महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाली जननायक कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय महारैली में शामिल होने आ रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दो घंटे तक गोरखपुर में रहेंगे। वह चार्टड प्लेन से 10:50 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से 11:30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। रैली को संबोधित करने के बाद 12:15 बजे वहां से एयरपोर्ट निकल जाएंगे और फिर एक बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।

    यह भी पढ़ें,Gorakhpur Pollution: शुद्ध हुई हवा, देश के 10 शहरों में शामिल हुआ गोरखपुर; जानें- कैसे मिली सफलता

    क्या कहते हैं पदाधिकारी

    भाजपा शासन में अति पिछड़ा वर्ग ठगा गया है। नाई समाज अब यह अच्छी तरह से समझ चुका है और पूरी तरह से समाजवादी पार्टी के साथ है। आगामी लोकसभा और फिर 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में हमारा समाज, अखिलेश के नेतृत्व वाली सरकार बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। महारैली की सफलता के लिए गोरखपुर, बस्ती, देवीपाटन, आजमगढ़ और अयोध्या मंडल के सभी जिलों के प्रत्येक विधानसभाओं से नाई समाज के लोग रैली में जुटेंगे। इसके लिए ढाई सौ से अधिक वाहनों की व्यवस्था की गई है।

    - राम भवन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय नाई महासभा

    महारैली की तैयारी पूरी हो गई है। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ ही पूरे नाई समाज में इस रैली को लेकर उत्साह है। बड़ी संख्या में समाज के लोग इस रैली में शामिल होंगे।

    - ब्रजेश कुमार गौतम, जिलाध्यक्ष, सपा