Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    रंग लाई UP के इस युवा ग्राम प्रधान की मेहनत, गलियों से लेकर शिक्षा तक सुधरी 'सेहत'; गांव को मिली नई पहचान

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Fri, 29 Sep 2023 01:19 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में स्थित बांसपार पंचायत ने 2.50 करोड़ की परफार्मेंस ग्रांट का सदुपयोग कर जिले में नजीर पेश की है। प्रधान दिवाकर विक्रम स ...और पढ़ें

    प्राथमिक विद्यालय बांसपार का नया भवन व युवा प्रधान दिवाकर विक्रम सिंह। -जागरण
    प्राथमिक विद्यालय बांसपार का नया भवन व युवा प्रधान दिवाकर विक्रम सिंह। -जागरण

    HighLights

    1. 2.50 करोड़ की परफार्मेंस ग्रांट का सदुपयोग कर बांसपार पंचायत ने जिले में पेश की नजीर
    2. 88 लाख की लागत से तीन विद्यालयों का हुआ कायाकल्प रमणीय स्थल बना गांव का तालाब

    अरुण चन्द, गोरखपुर। गोरखपुर जिले की कुछ पंचायतें जहां परफार्मेंस ग्रांट की रकम लौटा रही हैं, वहीं कौड़ीराम ब्लाक की ग्राम पंचायत बांसपार ने इस अनुदान के बूते न केवल गांव की सूरत बदली, बल्कि दूसरी पंचायतों के लिए भी नजीर पेश की। 33 साल के युवा ग्राम प्रधान दिवाकर विक्रम सिंह की पहल पर शहर से करीब 35 किमी. दूर इस पंचायत में एक दो मंजिला प्राथमिक विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार है। जीर्णोद्धार के बाद दो और विद्यालयों के बच्चे अब स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर रहे हैं।

    नौकायन की तरह तालाब के किनारे भजन की धुनों का ले रहे आनंद

    नौकायन की तरह गांव के तालाब के किनारे सुबह-शाम भजन की धुनों के बीच ग्रामीण टहलते हैं तो दो दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी कच्ची सड़कें अब सीसी रोड व इंटरलाकिंग में बदल गई हैं। पार्क में लोग ओपन जिम में पसीना बहाकर सेहत बना रहे हैं। शासन से 2016-17 की परफार्मेंस ग्रांट के लिए जिले की जिन पंचायतों को फंड उपलब्ध कराया गया, उसमें बांसस्थान भी है। इसे 3.80 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे। इनमें से 2.50 करोड़ रुपये का काम हो चुका है।

    जर्जर हो गया था सरकारी स्कूल

    गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय बांसपार का भवन जर्जर हो गया था। इसकी जगह दो मंजिल की नई इमारत बनाई गई है, जिसका काम 10 दिन पहले पूरा हुआ है। इसमें चार कक्ष व एक बड़ा हाल शामिल है। कक्षाओं को स्मार्ट क्लास की तरह विकसित किया जा रहा है। चार कंप्यूटर, प्रोजेक्टर आदि की खरीद प्रक्रिया चल रही है। परफार्मेंस ग्रांट योजना के तहत स्कूल के इस नए भवन के निर्माण पर 35 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसी तरह पंचायत में ही स्थित प्राथमिक विद्यालय कोहड़ा और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बंधवा के भवन का क्रमश: 25 व 28 लाख रुपये से जीर्णोद्धार हुआ है।

    यह भी पढ़ें, UP: चाची से प्यार करना युवक को पड़ा महंगा, पत्नी ने पकड़ी चैटिंग तो प्रेमिका ने लगाया छेड़खानी का आरोप

    स्कूलों में स्मार्ट क्लास के जरिये पढ़ रहे बच्चे

    दोनों विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के जरिये बच्चे पढ़ रहे हैं। इसी तरह 36 लाख रुपये खर्च कर पोखरे का सुंदरीकरण कराया गया है। इसके चारों तरफ पाथ-वे बनाया गया और आकर्षक लाइटें लगाई गई हैं। साउंड सिस्टम भी लगे हैं, जिन पर सुबह-शाम भजन की धुन सुनाई पड़ती है। लोगों के बैठने के लिए बेंच लगी हैं। लगभग एक करोड़ की लागत से करीब 25 सड़कों को सीसी और इंटरलाकिंग कराया गया है। 19.90 लाख की लागत से सभी सुविधाओं से युक्त पंचायत भवन भी बनकर तैयार हो गया है।

    खबरें और भी

    पार्क में ओपन जिम में पसीना बहाकर सेहत बना रहे हैं लोग

    ग्राम सभा की करीब दो हजार वर्ग फीट जमीन को पार्क के रूप में विकसित करने के साथ वहां ओपन जिम का निर्माण कराया गया है, जहां रोजाना सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण व्यायाम करने आते हैं। पार्क में ही सामुदायिक शौचालय भी बनाया गया है। इस संबंध में डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने बताया कि परफार्मेंस ग्रांट से कुछ पंचायतें बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं। बांसस्थान पंचायत की पहल सराहनीय है। इस अनुदान का इस्तेमाल कर गांव की सूरत बदली जा सकती है। बाकी पंचायतें भी आगे आकर इस अनुदान का लाभ लेकर गांव का विकास कर सकतीहैं। पंचायतीराज विभाग पूरा सहयोग करेगा।

    यह भी पढ़ें, Gorakhpur News: इलेक्ट्रिक बस में नहीं लगेगा टिकट, अब कार्ड दिखाकर कर सकेंगे सफर; यहां पढ़ें पूरी जानकारी

    क्या कहते हैं ग्राम प्रधान

    बांसपार के प्रधान दिवाकर विक्रम सिंह ने कहा कि शहर के मोहल्लों की तरह मेरा गांव भी चमके, यह शुरू से सपना रहा है। गांव में ही लोगों को हर जरूरी सुविधाएं मिलें, इसे लेकर योजना बनाने में परफार्मेंस ग्रांट के फंड ने काम आसान कर दिया। बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, इसलिए पहली प्राथमिकता गांव के स्कूल का कायाकल्प करना था। अभी फंड के करीब एक करोड़ रुपये और मिलने हैं। इससे और सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

    यह भी पढ़ें, Rs 2000 Note: गोरखपुर के बैंकों में चार माह में डेढ़ अरब से अधिक के दो हजार के नोट जमा, 30 सितंबर तक है मौका