Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में छेड़खानी से तंग आकर छात्रा ने छोड़ा कॉलेज, शिकायत पर परिजनों से मारपीट

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 11:46 PM (IST)

    बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में एक छात्रा ने जूनियर डॉक्टर पर छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. छात्रा ने जूनियर डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया।

    2. शिकायत करने पर परिजनों के साथ मारपीट हुई।

    3. कॉलेज ने मामले की जांच विशाखा कमेटी को सौंपी।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के पैथोलाजी विभाग में लैब टेक्नीशियन का प्रशिक्षण ले रही एक छात्रा ने जूनियर डॉक्टर पर छेड़छाड़, मानसिक प्रताड़ना और करियर बर्बाद करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

    पीड़िता का कहना है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने कॉलेज आना ही छोड़ दिया है और पिछले कई दिनों से घर पर रहने को मजबूर है।

    शनिवार को जब उसके स्वजन शिकायत लेकर विभाग पहुंचे तो वहां जूनियर डॉक्टर के एक समूह ने उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता ने पूरे मामले में गुलरिहा थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

    यह है पूरा मामला

    महराजगंज जिले की रहने वाली छात्रा पैथोलाजी विभाग में डिप्लोमा कोर्स कर रही है। छात्रा का आरोप है कि उसी विभाग का एक जूनियर डॉक्टर पिछले करीब एक महीने से लगातार मोबाइल पर फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

    विरोध करने पर आरोपी परीक्षा में फेल कराने और करियर खत्म कर देने की धमकी देता था। लगातार मिल रही धमकियों से छात्रा भय और तनाव में रहने लगी और कॉलेज छोड़कर घर चली गई। उसने यह बात काफी दिनों तक किसी से नहीं बताई, लेकिन मानसिक दबाव बढ़ने पर स्वजन को पूरी घटना की जानकारी दी।

    पीड़िता के अनुसार, 12 जुलाई की रात विभाग की एक महिला जूनियर डॉक्टर उसे और उसकी एक सहपाठी को पार्टी के बहाने अपनी कार से हास्टल के कमरे पर ले गई। वहां पहले से आरोपी जूनियर डॉक्टर मौजूद था।

    आरोप है कि मौका मिलते ही उसने छात्रा का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर अपने कमरे तक पहुंची और अगले ही दिन अपने परिवार वालों को बुलाकर घर चली गई। इसके बाद उसने कॉलेज जाना बंद कर दिया।

    खबरें और भी

    पीड़िता का आरोप है कि घर लौटने के बाद भी आरोपी डॉक्टर लगातार फोन कर धमकी देता रहा। वह कहता था कि यदि किसी से शिकायत की तो परीक्षा में फेल करा देगा और ऐसा करियर बर्बाद करेगा कि वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी।

    छात्रा का कहना है कि इसी मानसिक प्रताड़ना और डर के कारण उसने अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी और अब तक कॉलेज नहीं लौट सकी है। शनिवार को छात्रा अपने स्वजन के साथ विभाग में शिकायत करने पहुंची।

    इसकी जानकारी मिलते ही आरोपी जूनियर डॉक्टर ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और जूनियर डॉक्टर के समूह ने छात्रा के स्वजन के साथ हाथापाई कर दी। किसी तरह वहां से निकलकर स्वजन ने डायल-112 पर सूचना दी।

    पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। घटना के बाद छात्रा ने गुलरिहा थाने में लिखित तहरीर देकर छेड़छाड़, धमकी और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

    साथ ही कॉलेज के प्राचार्य से भी शिकायत की है। इसे गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने जांच विशाखा कमेटी को सौंप दी है और तीन दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी है।

    इस मामले में शिकायत मिली है। जांच विशाखा कमेटी को सौंप दी गई है। दोनों पक्षों को बुलाकर उनका बयान दर्ज कराया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    -डाॅ. धर्मेंद्र कुमार, प्राचार्य बीआरडी मेडिकल कॉलेज