Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    जनता दर्शन में CM योगी का अफसरों को हिदायत; जरूरतमंदों के आवास-इलाज का करें इंतजाम, माफिया पर कसें लगाम

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Fri, 01 Dec 2023 12:31 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान करीब 300 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या सुनी और उन्हें समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान इलाज के लिए ...और पढ़ें

    जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं करीब 300 लोगों की समस्या। -जागरण
    जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं करीब 300 लोगों की समस्या। -जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हर जरूरतमंद को उसकी आवश्यकता के अनुसार आवास व इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। आपराधिक मामलों में एफआइआर दर्ज करने में लापरवाही न की जाए और भूमि कब्जा करने वाले दबंग-माफिया पर लगाम कसने में तत्परता दिखाई जाए। जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखते हुए अधिकारी हर पीड़ित की समस्या का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

    जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं करीब 300 लोगों की समस्या

    योगी ने यह निर्देश शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए दिया। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे। सबकी समस्याओं को सुनते हुए आश्वस्त किया हर समस्या का निस्तारण किया जाएगा। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें बड़ी संख्या महिलाओं की रही। इस दौरान एक महिला ने आवास की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला को पीएम आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराया जाए।

    जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने परिजनों के इलाज हेतु आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने उनकी पीड़ा सुनते हुए आश्वस्त किया कि इलाज में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। संबंधित अस्पताल से इस्टीमेट लेकर प्रक्रिया पूरी करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। विवेकाधीन कोष से तत्काल सहायता राशि जारी करा दी जाएगी।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस्टीमेट की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूर्ण कराएं। सीएम ने इस दौरान यह भी हिदायत दी कि अधिकारी हर जरूरतमंद का आयुष्मान हेल्थ कार्ड बनवाना भी सुनिश्चित करें।

    जनता दर्शन में जमीन कब्जा करने की आई शिकायतों पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

    खबरें और भी