गोरखपुर में CM योगी ने किया पूर्वांचल के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण, कहा-युवाओं के रोजगार पर अब कोई नहीं डाल सकता डाका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के गीडा में पूर्वांचल के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए रोज ...और पढ़ें

लोकार्पण कार्यक्रम में संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
पूर्वांचल के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
गीडा में श्रमिकों के लिए आवासीय परिसर का उद्घाटन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गीडा में पूर्वांचल के पहले और प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आज ऐसा सुरक्षित और निवेश-अनुकूल वातावरण बना है कि युवाओं के रोजगार पर अब कोई डाका नहीं डाल सकता। उन्होंने कहा कि सरकार की औद्योगिक नीतियों और बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बना है, जिसका सीधा लाभ युवाओं को रोजगार के रूप में मिल रहा है।
गीडा के सेक्टर-13 में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन के साथ मुख्यमंत्री ने विभिन्न सेक्टरों में करीब 208 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। उन्होंने गीडा में कार्यरत श्रमिकों के लिए निर्मित ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर का उद्घाटन भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में एक ही परिसर में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों का संचालन संभव होगा। प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित इस परिसर में उद्यमियों को सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी। इससे उन्हें उद्योग स्थापित करने में समय और लागत दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि आवंटन मिलने के बाद उद्यमी सीधे उत्पादन कार्य शुरू कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में गीडा ने औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। यहां हजारों करोड़ रुपये का निवेश आया है और 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। गीडा का विस्तार अब धुरियापार तक हो चुका है, जहां बायो फ्यूल उत्पादन जैसी नई औद्योगिक गतिविधियां शुरू हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूर्वांचल को औद्योगिक विकास का मजबूत केंद्र बनाना है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सिक्सलेन और फोरलेन फ्लाईओवर का एक साथ होगा लोकार्पण, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन
योगी ने बताया कि फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के यूटिलिटी ब्लॉक में बैंक, गोदाम, सेल्स शोरूम समेत अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां प्रदूषण रहित उद्योगों, विशेषकर रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा सेक्टर की इकाइयों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीडा के सेक्टर-11 में श्रमिकों के लिए बनाए गए 96 फ्लैट वाले ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी आवासीय परिसर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गीडा की इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटित इन आवासों में श्रमिक मात्र छह माह तक 50 हजार रुपये का अंशदान देकर सम्मानजनक जीवन की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन की यह श्रृंखला पूर्वांचल के आर्थिक परिदृश्य को बदलने वाली साबित होगी। सरकार युवाओं को उनके घर के पास ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।