योगी बोले- दुनिया जूझ रही… हम सभी को पेट्रोल-डीजल दे रहे, गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 393 करोड़ की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। ...और पढ़ें

ताल नदोर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल की विकास यात्रा में शनिवार को महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग के किनारे 46 एकड़ क्षेत्रफल में 393 करोड़ की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करते हुए इसी के निकट 60 एकड़ में विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स स्थापित करने की भी घोषणा की।
उत्साह से लबरेज मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया पेट्रोलियम पदार्थों के संकट से गुजर रही है तो भारत सरकार लगातार 60 दिनों से सभी को पेट्रोल-डीजल उपलब्ध करा रही है। यह प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी के कुशल प्रबंधन से ही संभव हो पा रहा है।
ताल नदोर में स्टेडियम के भूमि पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के साथ स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स होने से इनडोर के साथ ही हॉकी और अन्य आउटडोर गेम्स भी हो सकेंगे। इस क्षेत्र में होटल, रेस्त्रां, मार्केट की नई शृंखला भी तैयार होगी और बड़ी संख्या में नए रोजगार भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के निर्माण के लिए कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी फंड से सौ करोड़ रुपये देने के लिए पेट्रोलियम मंत्री, इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रति आभार व्यक्त किया।
लोककल्याण की दृष्टि से होना चाहिए सरकारी भूमि का उपयोग
मुख्यमंत्री ने ताल नदोर क्षेत्र में हो रहे विकासपरक बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि आज से पांच वर्ष पहले यह क्षेत्र बंजर और उपेक्षित था। जिसकी मर्जी होती वह जमीन कब्जा कर लेता था। अब यहां की जमीन कब्जामुक्त है। साथ ही डबल इंजन सरकार इस भूमि पर नौजवानों के भविष्य को तराशने का एक बेहतरीन प्लेटफार्म उपलब्ध करवा रही है।
खबरें और भी
उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को युवाओं और भावी पीढ़ी के सपनों को साकार करने के लिए उत्कृष्ट उपहार बताया। सीएम योगी ने कहा कि सरकार के पास भूमि होगी तो उसका उपयोग लोककल्याण के लिए होगा। इसी विजन से ताल नदोर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।
जाति, क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले नहीं हो सकते जनता के हितैषी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को माफियामुक्त, गुंडा मुक्त, दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त बनाया है। इससे प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब विकास होता है तो रोजगार का सृजन स्वतः स्फूर्त भाव से होता है।
मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह किया कि जो लोग जाति, भाषा, क्षेत्र के नाम पर बांटते है, वो आपके हितैषी नहीं हो सकते। जब भी उनके पास सत्ता आई तो वे गुंडागर्दी अराजकता, अव्यवस्था करते रहे। उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग अपने परिवार के लिए किया, जन हित के लिए कभी नहीं किया। पर, आज की डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण के लिए, रोजगार सृजन के लिए कार्य कर रही है।
500 खिलाड़ियों की शीघ्र ही नई सीधी भर्ती
सीएम योगी ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यूपी में अब तक हम लोग 534 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिये सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
साथ ही 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती फिर से निकाली है। इससे बहुत शीघ्र ही जिन्होंने भी ओलिंपिक, एशियाड, कामनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप आदि में मेडल जीते हैं, उन्हें सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक सीधी भर्ती में ललित उपाध्याय, दीप्ति शर्मा, पारुल चौधरी, अर्जुन देशवाल, प्रवीण कुमार, राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस में सीधे डिप्टी एसपी का पद दिया गया है।
विजय कुमार यादव और दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार, अर्जुन सिंह को यात्री और मालकर अधिकारी, प्राची और पुनीत कुमार को जिला युवा कल्याण अधिकारी, अजीत सिंह, सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी, रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।