गोरखपुर में CM योगी का बड़ा बयान, कहा-हिरण्यकश्यप जैसे माफिया-गुंडे लातों के भूत बातों से नहीं मानते
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में माफिया, आतंकवाद और उग्रवाद की तुलना राक्षस हिरण्यकश्यप से की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग प्यार से नहीं मानते, उ ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
माफिया, आतंकवादियों की तुलना राक्षस हिरण्यकश्यप से की।
शांतिपूर्ण त्योहार मनाने, जबरन रंग न डालने की अपील।
मतांतरण रोकने हेतु लोगों के दुख दूर करने पर जोर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राक्षस हिरण्यकश्यप की तुलना वर्तमान के माफिया, आतंकवाद और उग्रवाद से की। होलिका दहन उत्सव समिति पांडेयहाता की ओर से आयोजित भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा में पहुंचे योगी ने कहा कि अराजकता, गुंडागर्दी, अव्यवस्था जैसे हिरण्यकश्यप, कंस और रावण को मारने के लिए किसी न किसी नृसिंह, कृष्ण या राम को अवतरित होना पड़ेगा। हमें याद रखना होगा कि हिरण्यकश्यप जैसे लोग प्यार से नहीं मानेंगे क्योंकि लातों के भूत बातों से नहीं मानते।
सोमवार की शाम शोभायात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया में उपद्रव, अराजकता और अव्यवस्था है तो भारतवासी चैन से रहते हुए निरंतर नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। हमें गर्व होना चाहिए कि यशस्वी नेतृत्व देश को नई बुलंदी देते हुए नए भारत का दर्शन करा रहा है।
नया भारत हर व्यक्ति, तबके को अवसर देकर वातावरण को उत्सवी बना रहा है। 2014 के पहले लोग त्योहार भी ठीक से नहीं मना पाते थे, क्योंकि कई बार त्योहार से पहले कर्फ्यू लग जाता था। ऐसा इसलिए होता था कि पूर्व की सरकारें समाज को बांटती थीं और इसका परिणाम व्यापारी और नागरिक चुकाते थे। आज का उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुविधा देकर उत्सव प्रदेश बन चुका है।
प्रदेश में सबको सुरक्षा का अहसास और विश्वास है। यह अहसास और विश्वास ही रामराज्य है।मुख्यमंत्री ने रंग उत्सव की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होलिका दहन और होली को लेकर कहीं ऐसा कोई कृत्य नहीं होना चाहिए, जिससे कोई टकराव पैदा हो। उन्होंने अपील की कि किसी पर जबरन रंग न डालें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे दूसरे को नुकसान हो। अश्लील गाने न बजाएं। यह पतन की ओर ले जाते हैं और पर्व के महत्व को कम करते हैं।
खबरें और भी
लोगों का दुख दूर कर रोक सकते हैं मतांतरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एनेक्सी सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित गोरक्ष प्रांत की समन्वय बैठक में भी सम्मिलित हुए। संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए सामाजिक विषयों पर सरकार का पक्ष रखा। कहा, मतांतरण की समस्या को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। इसके लिए समाज को आत्ममंथन करना होगा। जो व्यक्ति मतांतरण का निर्णय ले रहा है, वह किसी न किसी कारण से हमसे दुखी है। यदि उस दुख को दूर कर दिया जाए, तो मतांतरण की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर विरासत गलियारे में गूंजी होली की हुंकार, हुई भक्त प्रहलाद की जयकार
मदरसों के पाठ्यक्रम को लेकर उठे सवाल पर कहा कि वहां शासन द्वारा स्वीकृत यूपी बोर्ड का ही पाठ्यक्रम लागू है। परीक्षाओं में फिर से लिखित व्यवस्था लागू किए जाने और ओएमआर प्रणाली को समाप्त करने की मांग पर कहा कि देश अब एआइ युग में प्रवेश कर चुका है, ऐसे में पीछे लौटना उचित नहीं होगा। शिक्षा विभाग में कैशलेस उपचार की व्यवस्था पर कहा कि उच्च शिक्षा विभाग का प्रस्ताव भी तैयार हो रहा है।
शीघ्र ही उसे स्वीकृति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ‘अभ्युदय कोचिंग’ से अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने की बात कही। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय आदि मौजूद रहे।