Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में CM योगी ने की विकास कार्यों की समीक्षा, बोले- मानसून से पहले पूरा करें आखिरी चरण वाले प्रोजेक्ट

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 07:12 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मानसून से पहले परियोजनाओं को पूरा करने, जलभराव रोकने ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    HighLights

    1. मानसून से पहले विकास कार्य पूरे करने के निर्देश।

    2. जलभराव रोकने को नाले-नालियों की सफाई पर जोर।

    3. भूमाफियाओं और पशु तस्करों पर सख्त कार्रवाई के आदेश।

    जागरण संवाददात, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मानसून के दस्तक देने के पहले आखिरी चरण में पहुंच चुकी परियोजनाओं को पूरा कर लेने का निर्देश दिया। शहर में जलभराव रोकने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने नगर निगम को सभी नाला- नालियों की सफाई और पंपिंग स्टेशनों की जांच आदि का कार्य पूरा कर लेने को कहा। साथ ही जल निगम को इस महीनें गोड़धोइया नाला का निर्माण पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने चेताया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुनिश्चित करें कि परियोजनाएं अपने तय समय पर पूरी हों।

    समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले और महानगर में निर्माणाधीन सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पैडलेगंज-टीपी नगर सिक्सलेन ओवरब्रिज, पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन, पैडलेगंज-छात्रसंघ चौराहा-बेतियाहाता सहित ज्यादातर बड़ी परियोजनाएं निर्माण के अंतिम चरण में चल रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा। समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विकास परियोजना की एक समय सीमा तय होती है और उसे उसी अवधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

    उन्होंने कहा कि यह व्यावहारिक रूप से समझना होगा कि बरसात का मौसम शुरू होने पर खुले में होने वाला निर्माण कार्य प्रभावित होता है इसलिए विकास की जितनी भी परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उनसे संबंधित अधिकाधिक निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरे कर लिए जाएं।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि जिले में बाढ़ से बचाव की सभी तैयारी पूरी कर ली जाए। बंधों की जांच कर लें और बारिश के समय उनकी गहन निगरानी की जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विरासत गलियारा, एचएन सिंह चौराहा से गोरखनाथ मंदिर फोर व टू लेन निर्माण, असुरन पिपराइच फोरलेन, हर्बर्ट बांध चौड़ीकरण, ग्रीन सिटी रोड, पादरी बाजार ओवरब्रिज सहित सभी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पूछी और इन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। 

    शहर के एंट्री प्वाइंट काे और खूबसूरत बनाएं
    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी एंट्री प्वाइंट को और सुंदर बनाएं। वहां विशेष सफाई व्यवस्था के साथ हरित पट्टी विकसित की जाए। छायादार और मनोहारी पौधे लगाए जाएं। उन्होंने जीडीए से एंट्री गेट का काम जल्द शुरू कराने के साथ ही रामगढ़ताल के सुदृढ़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए और भी प्रयास करने को कहा।

    उन्होंने ताल और नया सवेरा की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि ताल की सफाई के लिए कार्ययोजना बना ली गई है। पैडलेगंज रिंग रोड के पास के क्षेत्र को भी सुंदर बनाने के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वहां नालाें का पानी ओवरफ्लो होकर ताल में न गिरे।उपाध्यक्ष ने मोहद्दीपुर- सहारा एस्टेट रिंग रोड निर्माण की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी।

    यह भी पढ़ें- 'पहले जंगल पार्टी का आतंक था', कुशीनगर में सीएम योगी बोले- माफिया और मच्छर दोनों को खत्म किया

    मंडलीय खरीफ गोष्ठी में आज शामिल होंगे मुख्यमंत्री
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एनेक्सी भवन सभागार में सुबह 10.30 बजे से आयोजित होने वाली तीन मंडलों की संयुक्त खरीफ गोष्ठी में भी शामिल होंगे। इस गोष्ठी में कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव के साथ ही गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ के कमिश्नर, डीएम, सीडीओ सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रगतिशील किसान भी मौजूद रहेंगे। गोष्ठी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री 11.30 बजे के करीब गीडा के फ्लैटेड फैक्ट्री कांप्लेक्स के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

    पशु तस्करों से सख्ती से निपटे, भू माफियाओं पर कसें शिकंजा
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस और प्रशासन को पशु तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि पशु तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जाए।

    उन्होंने कहा कि गरीबों, असहायों की भूमि कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर सख्ती की जाएं और उन्हें जेल भेजा जाए। मुख्यमंत्री ने भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के साथ ही रात में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया।