गोरखपुर के बशारतपुर में भी कल्याण मंडपम तैयार, 29 को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण
गोरखपुर के बशारतपुर में अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए कल्याण मंडपम तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

3.10 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण, दो तल में बना है आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मंडपम। सूवि
HighLights
बशारतपुर में अल्प-मध्यम आय वर्ग हेतु कल्याण मंडपम तैयार।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को करेंगे लोकार्पण।
विवाह सहित सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती सुविधा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को विवाह समेत अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में अब बशारतपुर में भी कल्याण मंडपम तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद इसका लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री की विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इसका निर्माण कराया है।
वार्ड नंबर 80 राप्तीनगर के अंतर्गत बशारतपुर में 2593 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने इस कल्याण मंडपम पर 3.10 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। जीडीए के अनुसार, भवन को दो तल में तैयार किया गया है। इसकी वास्तुकला के साथ सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
भूतल पर 225 लोगों के बैठने की क्षमता वाला बड़ा हाल बनाया गया है। इसके अलावा किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है। प्रथम तल पर एक अन्य हाल के साथ अटैच्ड टायलेट और ड्रेसिंग रूम की सुविधा वाले छह कमरे बनाए गए हैं।
परिसर को आयोजन के लिहाज से आकर्षक बनाने के लिए मुख्य भवन के सामने फव्वारा लगाया गया है। वाहनों की पार्किंग के लिए परिसर के भीतर ही इंटरलाकिंग टाइल्स से पर्याप्त स्थान विकसित किया गया है। इसके अलावा परिसर में लान तैयार करने के साथ फूल-पौधे लगाकर हरियाली और सजावट का भी इंतजाम किया गया है।
कल्याण मंडपम में विवाह, तिलक, मुंडन जैसे मांगलिक आयोजनों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक उत्सव भी आयोजित किए जा सकेंगे। इससे ऐसे परिवारों को मैरिज हाउस के मुकाबले किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाओं वाला स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के दक्षिणांचल में 177 करोड़ की लागत से बन रही सड़कें, दशहरा से पहले होंगी पूरी
अब तक छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण कर चुके सीएम
महानगर में अब तक छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री कर चुके हैं। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव के कल्याण मंडपम शामिल हैं। बशारतपुर का मंडपम भी इसी उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक एवं किफायती परिसर मिल सके।
