Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में 22 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे पहले सिक्सलेन फ्लाइओवर का लोकार्पण, लखनऊ-अयोध्या-वाराणसी मार्ग पर आवागमन होगा सुगम

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 07:51 AM (IST)

    गोरखपुर में शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर और देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को इनका लोक ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री योगी 22 जुलाई को करेंगे फ्लाईओवर का लोकार्पण।

    2. गोरखपुर को मिलेगा पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर, जाम से राहत।

    3. लखनऊ-अयोध्या-वाराणसी मार्ग पर आवागमन होगा तेज।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाले गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर और उससे जुड़े देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को इन दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी उद्घाटन होगा। लंबे समय से ट्रांसपोर्टनगर, महेवा, रुस्तमपुर, नहर रोड और देवरिया बाईपास क्षेत्र में जाम की समस्या झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

    लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को डीएम दीपक मीणा ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ फ्लाइओवर के साथ ही समारोह स्थल का भी निरीक्षण किया। बारिश के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग पर जीडीए कार्यालय से पहले स्थित एक मैरिज लान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

    उधर, कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही उसके नीचे से भी आवागमन पूरी तरह सुचारु करने की तैयारी पूरी कर ली है। फोरलेन फ्लाईओवर के नीचे लगी शटरिंग और निर्माण सामग्री हटा दी गई है, जिससे देवरिया बाईपास फोरलेन और सिक्सलेन फ्लाईओवर के नीचे से भी यातायात निर्बाध हो सकेगा।

    अब फर्राटे के साथ शहर से बाहर हो जाएंगे
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई इस परियोजना का उद्देश्य शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाना है। अभी तक पैडलेगंज से नौसढ़ तक पहुंचने में जाम के कारण कई बार एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग जाता था। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यह सफर काफी कम समय में पूरा हो सकेगा।

    खबरें और भी

    इससे न केवल शहर के भीतर यातायात सुगम होगा, बल्कि लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और देवरिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी बिना रुकावट बेहतर मार्ग मिलेगा। वहीं देवरिया बाईपास की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बनाया गया फोरलेन फ्लाईओवर इस परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

    इससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले यातायात का दबाव विभाजित होगा और चौराहों पर जाम की स्थिति काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। भारी वाहनों और लंबी दूरी की बसों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर एम्स से लिंक किए गए 62 हजार लोग, आसान हुई उपचार सुविधा


    एलईडी लाइटें बढ़ा रहीं खूबसूरती, चित्रों में झलक रही विरासत
    यह फ्लाईओवर केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की नई पहचान भी बनता नजर आ रहा है। सिक्सलेन फ्लाईओवर के स्ट्रीट लाइट पोल पर लगाई गई तिरंगा थीम की एलईडी लाइटें रात में पूरे फ्लाईओवर को आकर्षक स्वरूप दे रही हैं। वहीं, फ्लाईओवर के खंभों पर बनाई गई चित्रकारी में गोरक्षनगरी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक दिखाई देती है, जो राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।

    इसे भी जानिए

    • सिक्सलेन फ्लाईओवर की लंबाई: 2.658 किलोमीटर
    • सड़क की चौड़ाई: छह लेन (3×7.50 मीटर)
    • कुल लागत: 429.49 करोड़ रुपये
    • निर्माण प्रारंभ: फरवरी 2023
    • निर्धारित पूर्णता अवधि: जनवरी 2026
    • 22 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण
    • नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी होगा उद्घाटन
    • पैडलेगंज-नौसढ़ मार्ग पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत, क्षेत्रीय और अंतरजनपदीय यातायात होगा तेज