गोरखपुर यूनिवर्सिटी में AI से लैस होंगे टीचर और कर्मचारी, शिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शिक्षकों और कर्मचारियों को एआई व आधुनिक डिजिटल तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए 'एआई ट्रेनिंग फॉर एजुकेटर्स' क ...और पढ़ें

कार्य परिषद की बैठक को संबोधित करतीं गोवि की कुलपति प्रो. पूनम टंडन।
HighLights
गोरखपुर विश्वविद्यालय में 'एआई ट्रेनिंग फॉर एजुकेटर्स' कार्यक्रम का शुभारंभ।
शिक्षकों व कर्मचारियों को एआई, डिजिटल तकनीकों में दक्ष किया जाएगा।
कुलपति ने एआई को उच्च शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक डिजिटल तकनीकों में दक्ष बनाने के उद्देश्य से ‘एआई ट्रेनिंग फॉर एजुकेटर्स’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि एआई उच्च शिक्षा की कार्यशैली और दिशा दोनों को बदल रहा है। ऐसे समय में शिक्षकों और कर्मचारियों का नई तकनीकों से परिचित होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एआई का जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ाएगा। प्लेसमेंट निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि यह प्रशिक्षण विश्वविद्यालय में डिजिटल परिवर्तन की सतत पहल है।
वर्तमान में यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए संचालित किया जा रहा है, जबकि अगले चरण में संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल दक्षता और नवाचार को बढ़ावा देने में ऐसे प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अनुदीप फाउंडेशन के रीजनल हेड विवेक कुमार ने बताया कि प्रतिभागियों को माइक्रोसॉफ्ट के एआई टूल्स, जनरेटिव एआई, रिस्पान्सिबल एआई, डिजिटल प्रोडक्टिविटी तथा शिक्षा व प्रशासन में एआई के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में खाली पदों पर नियुक्ति के लिए यूपी सरकार तैयार, SC से समाधान की उम्मीद