देवरिया शिक्षक आत्महत्या: फरार BSA-लिपिक पर 10 हजार इनाम, 16 लाख रिश्वत का आरोप
शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या मामले में फरार देवरिया की निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घो ...और पढ़ें

निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह। जागरण
HighLights
फरार निलंबित बीएसए और लिपिक पर इनाम घोषित।
शिक्षक आत्महत्या मामले में 16 लाख रिश्वत का आरोप।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश, एक गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या के मामले में फरार चल रही देवरिया की निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए यह इनाम घोषित किया है। दोनों पर सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप के बाद गुलरिहा थाना पुलिस ने 22 फरवरी को मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के लिए चार टीमें देवरिया, बलिया, लखनऊ और प्रयागराज में दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
कुशीनगर जनपद के हरैया बुजुर्ग निवासी कृष्ण मोहन सिंह (37) गुलरिहा थाना क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज में परिवार के साथ रहते थे। वह देवरिया के गौरीबाजार स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। 21 फरवरी की सुबह उन्होंने फंदे पर लटककर जान दे दी थी। मरने से पहले उन्होंने चार पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, लिपिक संजीव सिंह और सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अनिरुद्ध सिंह पर नियुक्ति बहाली के नाम पर 16 लाख रुपये की मांग और लगातार उत्पीड़न करने के आरोप लगाए थे।
हाई कोर्ट के 13 फरवरी 2025 के आदेश के बावजूद वेतन बहाली न होने और लगातार प्रताड़ना से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया था। 22 फरवरी को पत्नी गुड़िया सिंह की तहरीर पर गुलरिहा थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने अनिरुद्ध सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- देवरिया शिक्षक आत्महत्या मामला: साक्ष्य बढ़ाएंगे निलंबित BSA व बाबू की मुश्किलें, ऑडियो वायरल
अनिरुद्ध पर आरोप है कि उसने कृष्ण मोहन सिंह का परिचय लिपिक संजीव सिंह से कराया था और 16 लाख रुपये की डील तय कराई थी। इसके अलावा शिक्षक अपर्णा तिवारी और ओंकार सिंह से भी पूछताछ की जा चुकी है। दोनों ने बताया था कि उनसे भी पैसे की मांग की गई थी।
खबरें और भी
पुलिस ने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव के सरकारी आवास से डीवीआर बरामद किया है, जिसमें 20 फरवरी का फुटेज है, जिसमें कृष्ण मोहन सिंह, अपर्णा तिवारी और ओंकार सिंह बीएसए कार्यालय में दिखे थे। वहीं, बैंक खातों की जांच भी जारी है। एसएसपी ने बताया कि आरोपितों की तलाश में हर संभावित ठिकानों पर दबिश चल रही है।