Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में NH 27 पर एकला बांध रिंग रोड का कट फिर कराया बंद, हाईवे सुरक्षा देखते हुए उठाया कदम

    Updated: Thu, 04 Jun 2026 09:59 AM (IST)

    गोरखपुर में एकला बांध रिंग रोड का NH-27 से जुड़ने वाला कट सुरक्षा कारणों और आवश्यक स्वीकृतियों के अभाव में फिर से बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बत ...और पढ़ें

    फोरलेन के पास मिलने वाले एकला बंधे को फिर से बंद किया गया। जागरण

    फोरलेन के पास मिलने वाले एकला बंधे को फिर से बंद किया गया। जागरण

    HighLights

    1. एकला बांध रिंग रोड का NH-27 कट फिर बंद।

    2. सुरक्षा और स्वीकृतियों के अभाव में लिया गया निर्णय।

    3. NHAI मानकों के अनुसार ही यातायात के लिए खुलेगा।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगर निगम द्वारा निर्मित एकला बांध रिंग रोड को गोरखपुर बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से जोड़ने के लिए बनाया गया कट एक बार फिर बंद कर दिया गया है। पिछले दिनों देर रात मिट्टी से भरे डंपरों के आवागमन के लिए जेसीबी की मदद से बंद किए गए कट को दोबारा खोल दिया गया था।

    इसकी जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से कट को फिर से बंद करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक स्वीकृतियां और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही इस मार्ग को आवागमन के लिए खोला जाएगा।

    मंगलवार देर रात कट खोले जाने की जानकारी के बाद नगर निगम की टीम ने गोरखपुर बाईपास पर एकला बांध रिंग रोड के एक्सेस प्वाइंट को दोबारा बंद करने की कार्रवाई शुरू की। इसके लिए सड़क निर्माण में प्रयुक्त कंक्रीट ब्लाकों और जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में इस कट से वाहनों का आवागमन हाई-स्पीड ट्रैफिक के लिए जोखिमपूर्ण है।

    एनएचएआई के सुझावों के अनुरूप यहां 300-300 मीटर लंबी एक्सेलेरेशन और डी-एक्सेलेरेशन लेन विकसित की जाएंगी, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही नगर निगम को इस एक्सेस प्वाइंट के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त करनी होंगी। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही मार्ग को नियमित यातायात के लिए खोला जाएगा।

    खबरें और भी

    हालांकि कट खुल जाने के बाद मंगलवार सुबह से देर रात तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन जारी रहा। इससे स्थानीय लोगों को कुछ समय के लिए वैकल्पिक मार्ग का लाभ मिला, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे फिर बंद कर दिया गया।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर के निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, जांच की मांग को लेकर हंगामा

    23 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2.88 किलोमीटर लंबे एकला बांध रिंग रोड का लोकार्पण किया था। इस परियोजना में नौसड़ से एकला बांध की ओर लगभग 1,100 मीटर हिस्सा फोरलेन है, जबकि आगे बाघागाड़ा फोरलेन तक करीब 1,780 मीटर सड़क केवल सात मीटर चौड़ी है। यही हिस्सा एनएच-27 से जुड़ता है। इस मार्ग के चौड़ीकरण और आवश्यक लेनों के निर्माण के लिए नगर निगम को 12 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि प्राप्त हुई है।

    गौरतलब है कि 29 मई की रात एनएचएआइ ने इस कट को अवैध बताते हुए बंद कर दिया था। प्राधिकरण का कहना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग से इस संपर्क मार्ग को जोड़ने के लिए न तो आवश्यक अनुमति ली गई थी और न ही निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। एनएचएआई ने हाई-स्पीड कारिडोर पर संभावित दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए कार्रवाई की थी।

    नगर निगम के अधिशासी अभियंता अशोक भाटी ने बताया कि बाघागाड़ा के पास सर्विस लेन विकसित की जाएगी और आगे एनएचएआई के सुझाव के अनुसार उपयुक्त स्थान पर उसे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके बाद ही स्थायी समाधान के तहत यातायात संचालन शुरू किया जाएगा।