गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी निजी एंबुलेंस, नशे में था चालक
गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बुधवार रात एक निजी एंबुलेंस रेलिंग तोड़कर करीब 20 फीट नीचे गिर गई। चालक को मामूली चोटें आईं और उस पर नशे में होने क ...और पढ़ें
-1786093049150_m.webp)
बीआरडी मेडिकल कालेज के 500 बेड बाल सेवा संस्थान के रेलिंग पर लटकी एम्बुलेंस । जागरण
HighLights
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में निजी एंबुलेंस रेलिंग तोड़कर गिरी।
चालक नशे में था, उसे मामूली चोटें आईं।
कॉलेज प्रशासन शासकीय क्षति के लिए शिकायत दर्ज करेगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज के 500 बेड बाल सेवा संस्थान में बुधवार रात एक निजी एंबुलेंस मरीज छोड़कर लौटते समय अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे एंबुलेंस से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया, जिसके बाद वह घर चला गया।
आरोप है कि चालक नशे में था। सरकार हास्पिटल, गुलरिहा के नाम से पंजीकृत एंबुलेंस देर रात एक मरीज को लेकर बाल सेवा संस्थान पहुंची थी। मरीज को उतारने के बाद चालक पोर्टिको से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान गियर बदलते समय उसने बैक गियर लगा दिया, जिससे एंबुलेंस पीछे की ओर चलने लगी और रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी।
घटना की सूचना पर सरकार हॉस्पिटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को मरम्मत के लिए वहां से हटवा दिया। चालक की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
बीआरडी मेडिकल कालेज के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. अशोक कुमार यादव ने बताया कि सरकार हास्पिटल के नाम से पंजीकृत एंबुलेंस मरीज को लेकर बीआरडी आई थी। चालक की लापरवाही से एंबुलेंस ने पोर्टिकों का रेलिंग तोड़ दिया।
शासकीय क्षति की भरपाई के लिए थाने में तहरीर दी जाएगी। हादसे के बाद चालक का भी पता नहीं चला, एंबुलेंस भी वहां से हटा दी गई। जांच और पूछताछ में सामने आया है कि चालक नशे में था।