गोरखपुर में ओवरटेक को लेकर विवाद, बस पर पथराव करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर में नौसढ़ के पास रोडवेज बस रोककर चालक से विवाद और पथराव करने के आरोप में गीडा पुलिस ने ...और पढ़ें
HighLights
नौसढ़ के पास रोडवेज बस पर हुआ पथराव
ओवरटेक विवाद के बाद बस पर फेंके गए पत्थर
गीडा पुलिस ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नौसढ़ के पास शुक्रवार रात रोडवेज बस रोककर चालक से विवाद करने और बाद में पीछा कर बस पर पथराव करने के मामले में गीडा पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। लखनऊ से गोरखपुर आ रही बस में करीब 33 यात्री सवार थे। आरोप है कि ओवरटेक के लिए तत्काल साइड न मिलने पर कार सवार युवकों ने बस रुकवाकर चालक से कहासुनी की। इसके बाद बाइक सवार युवकों ने बस का पीछा किया और राजघाट पुल से पहले पत्थर चलाए। कंडक्टर का बैग छीनने का भी प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात लखनऊ से गोरखपुर आ रही रोडवेज बस नौसढ़ के पास पहुंची थी। पीछे से कार सवार युवक बस को ओवरटेक करना चाहते थे। तत्काल साइड नहीं मिलने पर उन्होंने बस को रुकवा लिया और चालक से कहासुनी करने लगे। इसके बाद बस चालक नौसढ़ पुलिस चौकी पहुंचा।
वहां कुछ देर रुकने के बाद जब बस आगे बढ़ी तो तीन बाइक सवार युवक उसका पीछा करने लगे। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने राजघाट पुल से पहले बस पर पत्थर चलाना शुरू कर दिया। अचानक पथराव होने से बस में बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटाने पर बवाल, आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने कंडक्टर का बैग छीनने का भी प्रयास किया। घटना के बाद चालक और कंडक्टर ने पुलिस को सूचना दी थी। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक को कब्जे में लेने के साथ ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है,उनसे पूछताछ चल रही है।
