गोरखपुर के चिलुआताल में बनेगा फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट, सांसद रवि किशन ने PM मोदी और CM योगी को भेजा था प्रस्ताव
गोरखपुर के चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यना ...और पढ़ें

सांसद रवि किशन। जागरण
HighLights
चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट को मिली स्वीकृति।
सांसद रवि किशन ने पीएम-सीएम को भेजा था प्रस्ताव।
गोरखपुर को मिलेगी सस्ती, स्वच्छ बिजली और रोजगार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना को स्वीकृति मिल गई है। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने इस संबंध में पहले ही केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा था।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित करने का सुझाव दिया था। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया था कि पूर्वांचल क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए नवीकरणीय ऊर्जा के स्रोतों को बढ़ावा देना जरूरी है।
सांसद के अनुसार गोरखपुर महानगर के उत्तर दिशा में स्थित चिलुआताल में लगभग 1357 एकड़ जलक्षेत्र उपलब्ध है, जहां फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाने की पर्याप्त संभावना है। उन्होंने बताया था कि करीब 100 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट के लिए लगभग 357 एकड़ जलक्षेत्र की आवश्यकता होती है, जिसे चिलुआताल में विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से गोरखपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सांसद ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल के विकास को नई दिशा देने में सहायक होगी।