गोरखपुर में ठेकेदार की निर्मम हत्या: पहले गोली मारी, फिर 500 मीटर तक दौड़ाकर काट डाला
सिकरीगंज के अहिरौली तिवारी गांव में ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी को पुरानी रंजिश के चलते पहले गोली मारी गई, फिर धारदार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्य ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी को शनिवार की शाम हमलावरों ने रास्ते में घेर लिया। पहले गोली मारी और इसके बाद भी हमला नहीं रुका। आरोप है कि हमलावर उन्हें करीब 500 मीटर तक दौड़ाते रहे और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार करते रहे।
भट्ठे के पास हुई इस वारदात में ठेकेदार मौके पर ही मौत हो गई। गले पर चाकू के गहरे घाव होने के साथ ही हाथ की अंगुलियां कट गई थीं। सिकरीगंज थाना पुलिस की माने तो पुरानी रंजिश में वारदात हुई है। आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात है।
सिकरीगंज के अहिरौली तिवारी गांव निवासी 55 वर्षीय शिवकुमार तिवारी बिजली विभाग में ठेकेदारी करते थे। परिवार के मुताबिक, वह घर पर ही रहते थे। शनिवार की शाम पांच बजे अपने परिचित के घर जाने के लिए पैदल निकले इसी दौरान रास्ते में उन्हें घेर लिया गया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले गोली चलाई और फिर धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि जान बचाने के लिए शिवकुमार भागे, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते रहे। करीब 500 मीटर तक रास्ते में खून के छींटे मिले हैं। शरीर पर करीब 20 जगह धारदार हथियार के वार के निशान मिले। हत्या की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
खबरें और भी
शिवकुमार के पुत्र आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वह भी मौके के लिए रवाना हुए। परिवार का गोरखपुर शहर में महाराणा प्रताप पालिटेक्निक के पास गांधीनगर मोहल्ले में आवास है। परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
उनका कहना है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।