गोरखपुर में 11 करोड़ की साइबर ठगी में पहली गिरफ्तारी, बेटे से खरीदवाए थे गहने
गोरखपुर में 11 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने बिहार के गोपालगंज निवासी धीरज सिंह को पकड़ा है, जिसने ठगी की रकम ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में 11 करोड़ की साइबर ठगी में पहली गिरफ्तारी।
धीरज सिंह ने ठगी के पैसों से बेटे से गहने खरीदे।
पुलिस बेटे हितेश कुमार सिंह की तलाश में जुटी है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुंबई में हुई करीब 11 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम से सोना के गहने खरीदने के मामले में पुलिस को पहली सफलता मिली है। शुक्रवार को शाहपुर थाना पुलिस ने बिहार के गोपालगंज निवासी धीरज सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि आरोपित ने अपने बेटे को असुरन स्थित ज्वेलरी शोरूम में भेजकर गहने की खरीदारी कराई थी। बेटे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
असुरन स्थित परिवार ज्वेलर्स एंड ज्वेल्स के मैनेजर इरफान अहमद ने शाहपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि गोपालगंज निवासी हितेश कुमार सिंह ने चार से 11 जून के बीच अलग-अलग किस्तों में करीब 49.92 लाख रुपये के सोने के आभूषण खरीदे थे।
भुगतान विभिन्न फर्मों और बैंक खातों के माध्यम से आनलाइन किया गया। बाद में बैंक से ई-मेल प्राप्त हुआ कि जिन खातों से भुगतान हुआ है, वे साइबर ठगी की धनराशि से जुड़े हैं। इसके बाद संबंधित खाते होल्ड कर दिए गए और 23 जून को शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि साइबर ठग देशभर में लोगों से ठगी कर रकम पहले म्यूल (फर्जी या किराये के) बैंक खातों में भेजते थे। इसी रुपये से शहर के चार ज्वेलरी शोरूमों से करीब 11 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण खरीदे गए। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में हितेश के पिता गोपालगंज के कुचायकोट स्थित उचका गांव निवासी धीरज सिंह भी शामिल है। बेटे को वीडियो काल करके उसने गहने पसंद किए थे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- सहजनवां हत्याकांड: आरोपी ने देर रात तक ढूंढने का किया नाटक, पुलिस को भी करता रहा गुमराह
डिजिटल साक्ष्य के आधार पर धीरज को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में 10 दिन पहले मुंबई पुलिस की साइबर सेल छानबीन करने गोरखपुर पहुंची थी। जांच के दौरान गोपालगंज और सीवान तक छापेमारी की गई।
पुलिस ने कई संदिग्ध से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में शाहपुर थाने के असुरन चौकी प्रभारी रहे पप्पू राय की लापरवाही सामने आए पर एसएसपी ने निलंबित कर दिया था। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि ठगी की रकम से सोना के गहने खरीदने वाले आरोपित के पिता से पूछताछ चल रही है।